इंदौर (स्टुडियो संवाददाता )। 14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर शहर में आज से दो दिवसीय बाल फिल्म समारोह का आयोजन हो रहा है। आज यानी 12 और 13 नवंबर को इस समारोह में कुल 8 फिल्में दिखाई जा रही हैं। इंदौर के संवाद नंगर स्थित देवपुत्र सभागार में फिल्में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक दिखाई जायेंगी। हर दिन चार-चार फिल्मों के प्रदर्शन होंगे।
फिल्म समारोह का आयोजन बाल पत्रिका ‘देवपुत्र’ और ‘श्रीराम ताम्रकर सिने क्लब’ ने किया है। समारोह के आयोजक, विकास दवे और समय ताम्रकर के मुताबिक, सईं परांजपे निर्देशित फिल्म ‘भागो भूत’ से फिल्म उत्सव का शुभारंभ होगा। 12 नवंबर की सुबह 10 बजे इसका प्रदर्शन होगा। इसके बाद फिल्म, जवाब आयेगा, द्वीप का रहस्य और हाथी का अंडा दिखाई जाएंगी। इसी तरह 13 नवंबर को सुबह 10 बजे कायापलट और उसके बाद, ये है छक्कड़ बक्कड़ बम्बे बो, नेत्रहीन साक्षी और आसमान से गिरा का प्रदर्शन किया जायेगा। भागो भूत की कहानी चिमखाडा नाम के एक गांव से सटे जंगल की है, जहां भूत के होने की अफवाह फैल गई है। नानू नाम का एक बालक अपने साथियों के साथ इस बात का पता लगाने के लिए जंगल जाता है। उसके साथी डरकर भाग जाते हैं और नानू अकेला पड़ जाता है। वहां उसका सामना भूत से होता है। फिर कुछ ऐसा होता है कि भूत नानू का दोस्त बन जाता है। समय ताम्रकर के अनुसार सभी फिल्में मनोरंजक और शिक्षाप्रद है। इंदौर के बाल दर्शक फिल्में देखने के लिये माेबाइल नंबर 94259 12336 और 9893437227 पर संपर्क कर सकते हैं।

