इंदौर स्टुडियो ( कला संवाददाता ) । अगर पहले की तरह आज भी रेडियो सिलोन पर ‘बिनाका गीतमाला’ प्रोग्राम चल रहा होता..तो इंदौर के मेघदीप के नये हिट ‘स्वाग से करेंगे स्वागत’ के लिये सलामी बिगुल ज़रूर बजा होता…! इस सुपरहिट गीत से मेघदीप ने बॉलीवुड संगीत की दुनिया में अपनी नई पहचान का बिगुल बजा दिया है। 2017 को बिदा कहते वक्त मेघदीप ने 2018 को अपने नये अवतार की बिग सलामी दी है। यकीन जानिये इस बार हैप्पी न्यू ईयर की हर पार्टी और प्रोग्राम में विशाल डडलानी और नेहा भसीन के गाये इस गीत का बजना तय है।
फिल्म, टाइगर ज़िंदा है कि संगीतकार विशाल और शेखर हैं और उनके लिये मेघदीप ने फिल्म के दो गीत प्रोड्यूस किये हैं। ‘स्वाग से करेंगे स्वागत’ के बाद अब उनका दूसरा गीत – दाता तू.., भी रिलीज़ हो गया है। मेघदीप ने बताया, इस गीत की बड़ी कामयाबी के पीछे कई महीनों की मेहनत छिपी है। काफी काम के बाद ये गीत पहले ही नोट से लिस्नर्स की पसंद का गीत बन सका। मेघदीप ने कहा, मुझे खुशी है कि संगीतकार विशाल और शेखर ने मुझपर भरोसा कर ये ज़िम्मेदारी दी और मैंने इसे पूरा कर दिखाने की कोशिश की। यह दूसरा मौका है जब मेघदीप ने सलमान खान की फिल्म के लिये काम किया है। इससे पहले 2015 में उन्होंने फिल्म ‘हीरो’ के गीत ‘मैं हूं हीरो’ के प्रॉडक्शन के लिये काम किया था। इस गीत को खुद सलमान खान ने आवाज़ दी थी।

मेघदीप ऐसे नौजवान संगीत प्रोड्यूसर हैं जिन्होंने बहुत ही कम वक्त में कई हिट गीतों को प्रोड्यूस करने में कामयाबी हासिल की। अलग-अलग तरह का काम देने की कोशिश की, हालांकि उनके बारे में इंडस्ट्री में यह बात कही जा रही थी कि वो एक ही तरह का काम करते हैं, लेकिन टाइगर ज़िंदा है, से उन्होंने अपनी इस इमेज को तोड़कर एक नई शुरूआत की है। सिर्फ 5 साल पहले इंडस्ट्री में उन्होंने कदम रखा था। राजू सिंह के साथ उनका ये सफ़र शुरू हुआ और अलग-अलग तरह के गीत और बैक ग्राउंड स्कोर तक आगे बढ़ा। मेघदीप कहते हैं, म्युज़िक प्रॉडक्शन का काम आसान नहीं है, एक कंपोज़र की धुन या बेसिक ट्यून को, संगीत से सजाना पड़ता है। फिल्म मेकर, संगीत कंपनी की मांग और कमर्शियल मापदंडों को पूरा करना पड़ता है। ज़ाहिर है कि इस तरह के दबाव में काम करना आसान नहीं होता। लगातार नये तरीके से सोचना और उसपर सबके साथ तालमेल बिठाकर काम करना होता है। मेघदीप फिल्म अज़हर, एमएस धोनी, द अनटोल्ड स्टोरी, ऐ दिल है मुश्किल,काबिल,बेफिक्रे,दंगल,जय गंगाजल,सरबजीत जैसी फिल्मों के लिये भी संगीत प्रॉडक्शन का काम कर चुके हैं। मुक्केबाज़ उनकी आने वाली फिल्म है।

