(सिग्मा उपाध्याय )। विंसेंट वैन गोग की मौत के बाद उनकी पेंटिंग्स की कद्र शुरू हुई थी और ऐसी हुई कि आज तक हो रही है। भिलाई में आर्ट कॉम द्वारा आयोजित नाट्य महोत्सव में उनकी ज़िदंगी के इसी सचाई का नाटक देखा। नाटक देखा ही नहीं असल में जिया भी। उनका छटपटाता कसमसाता जीवन दर्शकों की रूह में गहरा धंसता चला जा रहा था. शुरुआत हुई वैन गोग की खुद को गोली मारकर की गई आत्ममुक्ति से और अंत भी उसी दृश्य से हुआ। इस तरह नाटक का जीवन चक्र पूर्ण हुआ।
पंडवानी शैली में सूत्रधार विन्सेन्ट विलियम वैन गोग नामक इस चित्रकार की कथा को बड़े रस के साथ आगे बढाता है और अंत में रोंगटे खड़े करती वो भावनाएं व्यक्त करता है जब शब्दों का कोई मोल नहीं रह जाता, आत्ममुक्ति के ठीक पहले की भावनाएं। नाटक की सबसे अच्छी और अलग बात यह थी कि यह विंसेंट वैन गोग के जीवन के उन पलों को बड़ी सूक्ष्मता से उजागर करता है जब वे चित्रकार बनने की प्रकिया में थे, यह उनकी सफ़लता की कहानी न होकर असफ़लता से पार पाने की कहानी ज्यादा दिखाई पड़ी।
आज भी यदि हम साल्वाडोर डाली, एडवर्ड मंच, वैन गोग जैसे चित्रकारों की तस्वीरें देखे तो उसमे उनके आँखे बड़ी चौकन्नी सी दिखाई पड़ती हैं जैसे उन्हें पता है कि उनके समय में, उनके आस पास क्या कुछ चल रहा है जो शायद सिर्फ उन्हें दिखाई पड़ रहा है. उन आँखों को पकड़ा अभिनेता चैतन्य आठले ने. वे दर्शकों की तरफ भावनाओं का पत्थर फेंक रहे थे जो उन्हें बुरी तरह लग भी रहा था।
संगीत छत्तीसगढ़ी और पश्चिम का मेल था जो कहीं भी गैरज़रूरी या ज़बरदस्ती ठूंसा गया नहीं लगा. सबसे खूबसूरत बात यह थी कि वैन गोग के चित्रों की प्रतिलिपियाँ भी अभिनेताओं ने स्वयं बनाई थी, जो कि आज के समय में खुद को केवल अभिनेता मानने वाले लोगों के लिए जाननी ज़रूरी है. प्रकाश व्यवस्था खराब थी पर नाटक इतना अद्भुत था की उस ओर ध्यान थोड़ा बहुत ही गया. सभी फूलों को मिला एक सुंदर डलिया बनाने वाले निर्देशक आनंद पांडे को साधुवाद। ऐसे प्रयोग आप लगातार करते रहें।

