इंदौर ( कला संवाददाता ) । जुनून नाटकों का 20-20। फटाफट नाटक की यह प्रतिस्पर्धा इंदौर में 10 जनवरी से होगी। इंदौर थियेटर ने इसका आयोजन स्थानीय प्रीतमलाल दुआ सभागृह में किया है।
इंदौर थियेटर के प्रमुख सुशील गोयल ने बताया, इस बार प्रतियोगिता को स्पर्धा का स्वरूप दिया जा रहा है। इसके तहत शहर के स्वर्गीय रंगकर्मियों के नाम पर पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। पहला स्थान प्राप्त करने वाले नाट्य समूह को 10 हज़ार का गणेश मतकर सम्मान, दूसरा पुरस्कार पाने वाले समूह को 5 हज़ार का आदिल कुरैशी सम्मान और प्रतिस्पर्धा में तीसरा स्थान पाने वाले कलाकार समूह को 3 हज़ार रूपये का नाना दुर्राफे पुरस्कार दिया जायेगा। इसके साथ ही रंगकर्म के क्षेत्र में अपनी-अपनी तरह से योगदान देने वाले पत्रकार साथियों का भी रंगमित्र सम्मान होगा। आपको बता दें, इस प्रतियोगिता में पहले से तय विषयों की पर्चियां एक बॉक्स में डाल दी जाती हैं, प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले नाट्य समूह पर्चियां या चिट निकालते हैं । इसके बाद पर्ची में निकले विषय के अनुसार नाट्य दल अगले दिन अपना तैयार किया ड्रामा पेश करते हैं।

