शकील अख़्तर, इंदौर स्टूडियो। ‘संवाद और एकालाप दोनों अलग चीज़ें हैं। दोनों का उपयोग नाटकों और सिनेमा माध्यमों में होता है। संवाद दो या उससे अधिक लोगों के बीच में होता है। जबकि एकालाप किसी कलाकार या पात्र विशेष द्वारा दिया गया एक लंबा भाषण या उदबोधन होता है’। सौ से अधिक नाटकों और कई चर्चित धारावाहिकों और फिल्मों के अभिनेता अमिताभ श्रीवास्तव ने यह बात कही।
मेटा द्वारा आयोजित वर्कशॉप: अनुभवी अभिनेता श्री अमिताभ, महिन्द्रा एक्सलेंस इन थियेटर अवॉर्ड (META) द्वारा आयोजित ‘ड्रामेटिक स्पीच’ वर्कशॉप में प्रतिभागियों से चर्चा कर रहे थे। यह वर्कशॉप मेटा ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित अपने नाट्य समारोह के दौरान आयोजित की थी। तीन दिन की इस वर्कशॉप में करीब एक दर्जन प्रतिभागी शामिल हुए। इस दौरान अनुभवी एक्टर ने भविष्य के अभिनेताओं का हर तरह से मार्गदर्शन किया।
डॉयलॉग में दो तरफा कम्युनिकेशन: वरिष्ठ अभिनेता और थियेटर एक्सपर्ट अमिताभ ने कहा – संवाद या डॉयलॉग में दो तरफा कम्युनिकेशन होता है। इसमें दो लोग आपस में विचारों को रखते हैं। एक-दूसरे की प्रतिक्रिया में बात करते हैं। जबकि एकालाप या मोनोलॉग में ऐसा नहीं होता। एकालाप में अभिनेता अपनी ही बात कहता है। वह एक तरफा कम्युनिकेशन होता है। संवाद का मकसद अपनी बात के माध्यम से वस्तु स्थिति को प्रकट करना होता है। जबकि एकालाप में अभिनेता या पात्र अपनी भावनाओं को व्यक्त करता है। एकालाप की मिसाल के रूप में आप खुद से संवाद या फिर पब्लिक स्पीच को रख सकते हैं। वरिष्ठ अभिनेता ने कलाकारों को दोनों ही तरह की कला के विषय में व्यावहारिक तौर पर भी प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्पष्ट उच्चारण के बारे में भी कलाकारों को सचेत किया।
100 से अधिक नाटकों में अभिनय: आपको बता दें, एनएसडी के पूर्व छात्र अमिताभ श्रीवास्तव 1971 से ही रंगमंच पर सक्रिय हैं। 100 से अधिक नाटकों में अभिनय कर चुके हैं। वे एक ऐसे अभिनेता भी हैं जिन्होंने इब्राहिम अल्काज़ी, बीवी कारंत, फ्रिट्स बेनेविट्ज़, बैरी जॉन, रणजीत कपूर से लेकर एमके रैना, देवेंद्र राज अंकुर और अमाल अलाना के साथ काम किया है। उन्हें 2011 में अभिनय के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही आपने बासु चटर्जी, रिचर्ड एटनबरो, गोविंद निहलानी, देव बेनेगल और प्रियदर्शन जैसे प्रतिष्ठित निर्देशकों के निर्देशन में कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया है। https://indorestudio.com/
100 से अधिक नाटकों के एक्टर की ख़ास रही ‘स्पीच वर्कशॉप’
RELATED ARTICLES


बेहतरीन