Wednesday, November 18, 2026
Homeकला खबरें16 अक्टूबर से नोएडा में बबलगम चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल

16 अक्टूबर से नोएडा में बबलगम चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल

शताक्शी खरे, इंदौर स्टूडियो। नोएडा के सेक्टर 132 में मौजूद दिल्ली पब्लिक स्कूल-जीबीएन में 16 से 19 अक्टूबर तक ‘बबलगम इंटरनेशनल चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल’ (BICFF) शुरू होने जा रहा है। बच्चों के लिये समर्पित इस फेस्टिवल में 35 से अधिक फिल्में दिखाईं जाएंगी। चार दिवसीय इस फेस्टिवल में कुछ और कार्यक्रम भी होंगे। विकलांग और वंचित बच्चों के लिए सेगमेंट: फेस्टिवल की निदेशक सुनयना कट्टा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, हम विशेष रूप से विकलांग और वंचित बच्चों के लिए एक सेगमेंट शामिल किये जाने को लेकर ख़ुश हैं। समारोह में मनोरंजन के साथ अच्छे संदेशों वाली अनूठी कहानियां बच्चों को देखने को मिलेंगी। (फेस्टिवल की प्रीमियर फ़िल्म ‘पिंटू’ का दृश्य।)
रचनात्मकता के साथ सम्बंध पर ज़ोर: उन्होंने कहा कि यह फेस्टिवल फिल्म निर्माताओं की रचनात्मकता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ पीढ़ियों के बीच आपसी रिश्तों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। आपको बता दें, सुश्री सुनयना, इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल के साथ ही जागृति फिल्मोत्सव के लिये भी अपनी सेवाएं देती रही हैं। वे फिल्म समारोहों के प्रबंधन और संयोजन में ख़ासा अनुभव रखती हैं। (फिल्म ‘बाइसिकल डेज़ का दृश्य।)फेस्टिवल में हिस्सा लें दादा और दादी: सुश्री सुनयना ने कहा, हम चाहेंगे कि फेस्टिवल में पैरेंट्स के साथ ही दादा-दादी भी शामिल हों! हम बच्चों और उनके दादा-दादी के बीच आत्मीय रिश्ते का जश्न मनाना चाहते हैं। उनके साथ बेहतरीन फ़िल्मी कहानियों और अनुभवों को साझा करना चाहते हैं। राहुल रवैल फेस्टिवल के मार्गदर्शक: सुनयना ने कहा, फेस्टिवल को सीनियर फ़िल्म डायरेक्टर राहुल रवैल, चैतन्य चिंचलिकर और ब्रायन श्मिट का अनुभवी मार्गदर्शन मिल रहा है। इसके एडवाइज़री बोर्ड में सुबोध शर्मा, मंजुला शिरोडकर, रेखा गुप्ता, शकील अख़्तर और रंजना यादव शामिल हैं। सभी सदस्य विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों की प्रिव्यू और जूरी से जुड़े रहे हैं। सिनेमा, कला और मीडिया के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट भूमिका निभा रहे हैं। (नीचे फिल्म ’35’ का पोस्टर।) रचनात्मकता, कल्पना और विविध स्वरों का मंच: फेस्टिवल की निदेशक ने कहा, “BICFF रचनात्मकता, कल्पना और विविध स्वरों का मंच है। जहां आनंद के साथ सीखने और सामुदायिक भावना का परस्पर अवसर है। एडवाइज़री बोर्ड के शकील अख़्तर ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा है कि बच्चों के लिये शिक्षा और संस्कार के नज़रिये से इस तरह के कार्यक्रमों की बेहद ज़रूरत है। बच्चे फिल्मों में ख़ासी दिलचस्पी रखते हैं। उनके लिये यह फेस्टिवल ज्ञान, संवेदना और नई बातों का सीखने का अवसर होगा। फीचर फिल्मों के साथ एनिमेशन फ़िल्में भी: बोर्ड की सदस्य रेखा गुप्ता ने कहा कि इस फेस्टिवल में फीचर फिल्मों के साथ ही शॉर्ट् और एनिमेशन फिल्में भी दिखाई जायेंगी। ये फिल्में देश के अलावा विदेशों से चयनित की गई हैं। फेस्टिवल में हर किसी के लिए कुछ न कुछ है। उन्होंने इस रोमांचक फेस्टिवल से जुड़ने के लिये बच्चों और उनके पैरेंट्स से अपील की है। साथ ही इस बेहतरीन फ़िल्म फेस्टिवल के लिये दिल्ली पब्लिक स्कूल के मैनेजमेंट के प्रति आभार जताया है। फेस्टिवल की जानकारी bubblegums.org पर देखी जा सकती है। आगे पढ़िये, कहां मिला 7 बच्चों को कलाश्री पुरस्कार – https://indorestudio.com/bachchon-ko-kalashri-puraskar/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास