Wednesday, May 13, 2026
Homeचर्चित फ़िल्मIFFI2022: रंगारंग फ़िल्म महोत्सव में कार्लोस और चिरंजीवी सम्मानित

IFFI2022: रंगारंग फ़िल्म महोत्सव में कार्लोस और चिरंजीवी सम्मानित

IFFI 53rd 2022: इंदौर स्टूडियो, सिने प्रतिनिधि। 53 वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव (IFFI2022) गोवा में जारी है। पणजी में इसका शानदार आगाज़ हुआ। शुभारंभ समारोह में स्पेनिश निर्देशक कार्लोस सौरा को अंतरराष्ट्रीय सिने में उनके योगदान के लिये सत्यजीत रे लाइफ टाइम अवार्ड दिया गया। इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर अवॉर्ड मेगास्टार चिरंजीवी कोनिडेला को दिये जाने की घोषणा की गई। शुभारंभ समारोह में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “आईएफएफआई की अवधारणा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’, यानी एक परिवार के रूप में दुनिया के प्रति समर्पण में निहित है।”अपारशक्ति खुराना और मृणाल ठाकुर ने की मेज़बानी: उद्घाटन समारोह की मेजबानी जाने-माने अभिनेता अपारशक्ति खुराना और मृणाल ठाकुर ने संयुक्त रूप से की। समारोह के दौरान पंकज त्रिपाठी, मनोज बाजपेयी, प्रभु देवा, सुनील शेट्टी, अजय देवगन परेश रावल और वी. विजयेंद्र प्रसाद सहित प्रसिद्ध फिल्मी हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह का उद्घाटन ऑस्ट्रिया के निदेशक डाइटर बर्नर की भावुक प्रेम कहानी ‘अल्मा और ऑस्कर’ की आईनॉक्स, पंजिम में स्क्रीनिंग के साथ हुआ। जर्मनी, कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका के संयुक्त प्रोडक्शन में बनी , मर्सिडीज ब्रायस मॉर्गन की फिल्म ‘फिक्सेशन’ इस महोत्सव के मध्य में दिखाई जाने वाली एक फिल्म है। पोलिश फ़िल्म क्रिज़्सटॉफ़ ज़ानुसी की परफेक्ट नंबर समापन फिल्म है। कार्लोस सौरा को सत्यजीत रे लाइफ़ टाइम अचीवमेंट अवार्ड : स्पेनिश फिल्म निर्देशक कार्लोस सौरा को अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा में उनके अपार योगदान के लिए सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उद्घाटन समारोह में प्रख्यात फिल्म निर्माता की ओर से उनकी बेटी अन्ना सौरा ने इस पुरस्कार को ग्रहण किया। कार्लोस सौरा ने ला काज़ा  और पेपरमिंट फ्रेपे  के लिए दो सिल्वर बियर; कारमेन के लिए बाफ्टा; कान्स में तीन पुरस्कार और कई अन्य पुरस्कारों के अलावा बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (डेप्रिसा डेप्रिसा के लिए) में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक तौर पर भी गोल्डन बियर का पुरस्कार प्राप्त किया है।
चिरंजीवी इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर
: 2022 के लिए इफ्फी इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर अवॉर्ड मेगास्टार और अभिनेता-निर्माता चिरंजीवी कोनिडेला को दिया गया। चिरंजीवी ने चार दशकों से अधिक के एक शानदार फिल्म करियर में तेलुगु में 150 से अधिक फीचर फिल्मों के साथ-साथ हिंदी, तमिल और कन्नड़ में कुछ फिल्मों में अभिनय किया है। उन्हें तेलुगु सिनेमा के सबसे सफल और प्रभावशाली अभिनेताओं में से एक माना जाता है।
53वें इफ्फी के लिए अंतर्राष्ट्रीय जूरी का नेतृत्व कर रहे जूरी चेयरपर्सन, इज़राइली फ़िल्म निर्देशक और लेखक नदव लापिड; स्पेनिश वृत्तचित्र फिल्म निर्माता जेवियर एंगुलो बारटुरेन; अमेरिकी फिल्म निर्माता जिन्को गोटोह; फ्रांसीसी संपादक पास्कल चावांस; और भारतीय लेखक और निर्देशक सुदीप्तो सेन को भी उद्घाटन समारोह में सम्मानित किया गया। इफ्फी का दृष्टिकोण और मूल्य वसुधैव कुटुम्बकम में निहित: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “आईएफएफआई की अवधारणा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’, यानी एक परिवार के रूप में दुनिया के प्रति समर्पण में निहित है। भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में जी 20 की अध्यक्षता, ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के विषय के इर्द-गिर्द घूमती है। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि, “53वां इफ्फी असंख्य जीवंत संस्कृतियों को दर्शाने और सिनेमाई उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने के लिए एक शानदार महोत्सव साबित होगा”। उन्होंने कहा, उनकी इच्छा भारत को फिल्म की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए सबसे अधिक मांग वाला देश बनाने की है। भारत को ख़ासकर क्षेत्रीय सिनेमा का एक पॉवर हाउस बनाना है।”75 युवा फिल्म निर्माताओं का एक अनूठी पहल: केंद्रीय मंत्री ने ’75 क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के दूसरे संस्करण के विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा “75 क्रिएटिव माइंड्स ऑफ़ टुमॉरो” एक अनूठी पहल है और यह युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों से सलाह लेने का एक प्रभावी मंच भी है। उनका फिल्म निर्माण की 10 श्रेणियों में लगभग 1,000 प्रविष्टियों में से 75 युवा फिल्म निर्माताओं के एक समूह को कठोर प्रक्रिया के बाद चुना गया है। उन्होंने कहा, वे 19 राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो जयंतिया हिल्स (मेघालय), लखीमपुर (असम), खोरदा (ओडिसा) जैसी जगहों से आते हैं!” केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने लता मंगेशकर, पंडित बिरजू महाराज, तबस्सुम सहित भारतीय कला क्षेत्र के दिग्गजों और पिछले वर्ष में दिवंगत  भारत के सभी कलाकारों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंत्री महोदय ने एक सदी से भी अधिक के समय में भारतीय सिनेमा की यात्रा को भी स्मरण किया। इफ्फी और अभिनेता देते हैं राष्ट्रीय एकता और एकजुटता को बढ़ावा:  उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गोवा के राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई ने कहा कि उन्हें इस महोत्सव के उद्घाटन में शामिल होने पर अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा हैं और उन्होंने स्मरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री दोनों ने इसी उद्देश्य के साथ इस फिल्म समारोह का शुभारंभ किया है। राज्यपाल ने कहा कि खेल और कला के क्षेत्र पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी हमेशा से उच्च अपना स्तर पर ध्यान केंद्रित करते हैं। उन्होंने कहा “आईएफएफआई के 1952 में घोषित किए गए दो महत्वपूर्ण उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और एकजुटता हैं। इसमें सबसे अहम भूमिका कलाकार निभा सकते हैं।2025 तक इफ्फी के लिए एक नया गोवा वेन्यू: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने समुद्र तटों से घिरे राज्य में सभी फिल्म के प्रति लगाव रखने वाले लोगों का हदय से स्वागत किया। उन्होंने दिवंगत सीएम मनोहर पर्रिकर को याद किया जिन्होंने गोवा को इस असाधारण आयोजन का स्थायी मेजबान बनने का गौरव प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा, विश्व स्तरीय मल्टीप्लेक्स और कन्वेंशन सेंटर की स्थापना अपने यहाँ अंतिम चरण में है। उम्मीद है कि हम 2025 तक नए स्थल पर आईएफएफआई का महोत्सव मनाने में सक्षम होंगे। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा ने उपस्थित जनसमूह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 53वें इफ्फी की सफलता की कामना के लिए दिया गया संदेश पढ़ा। उन्होंने कहा कि इफ्फी भारतीय फिल्म उद्योगों के लिए दुनिया के समक्ष अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और दुनिया के बाकी हिस्सों से सिनेमा में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को अपनाने का एक बेहतर मंच है। महोत्सव के निदेशक रवींद्र भाकर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उद्घाटन समारोह में इफ्फी संचालन समिति के सदस्य बॉबी बेदी, हृशिता भट्ट, ऐश्वर्या रजनीकांत, निखिल महाजन, प्रसून जोशी, रवि कोट्टारकरा, शूजीत सरकार और वाणी त्रिपाठी एवं तकनीकी समिति के अध्यक्ष एके बीर उपस्थित थे।(इनपुट पीआईबी)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास