इंदौर स्टूडियो डॉट कॉम। सीधी जिले की साहित्यक एवं सांस्कृतिक संस्था आर्ट ऑन क्लिक द्वारा आयोजित छ: दिवसीय उम्मीद कला महोत्सव का बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार 26 मई को भव्य शुभारंभ हुआ। सोशल प्लेटफार्म आयोजित किये जा रहे इस महोत्सव के प्रथम दिवस देश के आधा दर्जन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रथम दिवस आगरा के विख्यात शास्त्रीय संगीतकार रविंद्र तलेगा ओंकार ने अपने संगीत से समा बांध दिया। आगरा के कलाकर करण वशिष्ट ने अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद की शानदार पोट्रेट बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इंदौर की ओडिसी नृत्यकार पूर्वा पांडेय ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों के काफी लाइक बटोरे।
उल्लेखनीय है कि संस्था ऑर्ट ऑन क्लिक द्वारा कोरोना संक्रमण काल में लॉक डाउन के दौरान कलाकारों के उत्साहवर्धन व मंच प्रदान करने के लिए छ: दिवसीय वर्चुअल महोत्सव का आयोजन किया है। कोरोना संक्रमण काल में देश भर में जरूरतमंदों की मदद करने वाले अभिनेता व समाजसेवी सोनू सूद के सम्मान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के प्रथम दिवस की शुरूआत आगरा के कलाकार करन वशिष्ट ने अपने पोट्रेट स्केच की प्रस्तुति से दी, जिसमें उन्होंने अभिनेता सोनू सूद की बेहतरीन तस्वीर बनाई। करन के कलाकारी को इंस्टाग्राम, फेसबुक तथा यू-ट्यूब पर काफी सरहाना मिली। साथ ही आगरा के प्रख्यात शास्त्रीय संगीतकार रविंद्र तलेगाओंकार ने वाद्य यंत्र हारमोनियम से अपनी अद्भुत प्रस्तुति दी, जिसमें उन्होंने कई प्रकार के शास्त्रीय संगीत बजाए और दर्शकों को रोमांचित कर दिया। रवींद्र तलेगाओंकार ग्वालियर घराना से तालुकात रखते हैं, इसलिए इनकी गायकी में वहां की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की अगली कड़ी में इंदौर की ओडिसी नृत्यकार पूर्वा पांडेय ने अपने बेहतरीन नृत्य प्रस्तुति से हिंदुस्तान की संस्कृति का दम दिखाया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। आज के इस दौर में जहां लोग पश्चिमी संस्कृति की ओर अग्रसर होते जा रहे हैं, वहीं पूर्वा पांडेय जैसे कलाकार आज भी अपनी कला और संस्कृति को जीवंत कर रहे हैं।
महोत्सव के प्रथम दिवस की अंतिम प्रस्तुति कटनी के कलाकार महेंद्र हलवार की रही, जिन्होंने अभिनेता सोनू सूद के खूबसूरत व्यक्तित्व को कैनवास पर बखूबी उकेरा, उनके द्वारा बनाए गए स्केच को व उसकी बारीकी को दर्शकों से बड़ी गंभीरता से देखा। उक्त कार्यक्रमों की प्रस्तुति ऑर्ट ऑन क्लिक के फेसबुक पेज पर शाम 7 से 9 बजे तक लाइव हुई, जिसमें देश भर के हजारों दर्शकों ने जुड़कर आनंद उठाया। बता दें की यह महोत्सव 31 मई तक लगातार चलेगा, जिसमें देशभर के जाने माने व कलाकारों की लाइव प्रस्तुति होंगी, जिसे संस्था के फेसबुक पेज, यू-ट्यूब चैनल तथा इंस्टाग्राम पेज पर देखा जा सकेगा। आयोजन समिति के डॉ.अनूप मिश्रा, दमयंती भाटिया, शिवा कुंदेर, नीरज कुंदेर, प्रवीण सिंह, रोशनी प्रसाद मिश्र, प्रजीत साकेत, रजनीश जयसवाल, आयुष भाल, आकाश कुमार, अजय चौकसे, उत्कर्ष गुप्ता, आराधना परस्ते, शिवानी माचवे, नुपुर, मेहता, विशाल , प्रवीण चौहान आदि ने लोगों से इस महोत्सव का घर बैठे सोशल प्लेटफार्म पर आनंद उठाने की अपील की है।

