|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
शकील अख़्तर, इंदौर स्टूडियो। मुंबई की नाट्य संस्था ‘आइडियल ड्रामा एंड इंटरटरटेनमेंट एकाडेमी’ (आइडिया) ने नाटकों के मंचन का अनूठा रिकॉर्ड बनाया है। ‘आइडिया’ के इस कीर्तिमान को वर्ल्ड वाइड रिकॉर्ड्स ने दर्ज कर लिया है। यह रिकॉर्ड मुंशी प्रेमचंद की पुण्यतिथि 8 अक्टूबर पर उनकी कहानियों के मंचन को लेकर बना है। वर्ल्ड वाइड रिकॉर्ड्स ने रंगकर्म के इस बेमिसाल काम को मान्यता दी और संस्था को पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
8 भाषाओं में 8 कहानियों के 8 नाटक: इस विषय में वरिष्ठ लेखक और निर्देशक मुजीब ख़ान ने कहा, ‘आइडिया’ के माध्यम से हमने 8 अक्टूबर को मैसूर एसोसिएशन में मुंशी प्रेमचंद की 8 कहानियों का मंचन किया था। इन कहानियों का 8 भाषाओं में मंचन किया गया। कुल 8 नाटक मंचित हुये जिन्हें 8 भाषाओं के दर्शकों ने देखा। इस तरह यह रिकॉर्ड बना।
वो 8 नाटक जिनका हुआ मंचन: मुजीब जी ने उन नाटकों की जानकारी दी, जिनका मंचन किया गया। इन नाटकों के भाषावार नाम हैं, सद्गति- मराठी, मुक्ति धन-सिंधी, नई बीवी-गुजराती, ख़ुदी-तमिल, बड़े भाई साहब- तेलुगु, मेरी पहेली रचना- पंजाबी, मिस पद्मा-अंग्रेजी और गंजेपन की दवा- बंगाली’। इस रिपोर्ट में सभी की तस्वीरें भी दी गई हैं।
विश्वसनीय स्त्रोतों से मिली ख़बर: वरिष्ठ रंग निर्देशक ने बताया – ‘वर्ल्ड वाइड रिकॉर्ड्स को जब विश्वसनीय स्रोतों से हमारे इस अनूठे काम की ख़बर मिली। उन्होंने इस मंचन से सम्बधित सभी विवरण और दस्तावेज़ मंगवाए और अपने स्तर पर इनकी पुष्टी की। इसे उन्होंने संतोषजनक पाया। इस तरह उन्होंने इस नये कीर्तिमान को अपने रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया। इसके साथ ही वर्ल्ड वाइड ने हमारे रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र, गोल्ड मेडल, आईडी कार्ड, कोरियर के माध्यम से IDEA कार्यालय को भेज दिया।
18 साल से प्रेमचंद की कहानियों का मंचन: श्री ख़ान ने कहा, पिछले 18 सालों से हम लगातार ‘आइडिया’ के माध्यम से प्रेमचंद की कहानियों पर आधारित नाटकों का मंचन कर रहे हैं। इस सिलसिले में हम अब तक मुंशी प्रेमचंद की 315 कहानियों में से 314 कहानियों का नाट्य रूपांतरण कर चुके हैं, इनके मंचन करते आए हैं। एक लेखक की कई कहानियों के मंचन के लिए 2014 में ‘आइडिया’ को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (Limca Book of Records) ने भी दर्ज किया था।
अगले साल नये कीर्तिमान का संकल्प: मुजीब ख़ान ने कहा, ‘आइडिया’ ने अगले साल 22 भाषाओं में, 22 कहानियाँ को एक ही स्थान पर प्रस्तुत कर नया कीर्तिमान रचने का संकल्प लिया है। यह रिकॉर्ड भी ‘आइडिया’ के कलाकार, मुंशी प्रेमचंद की सालगिरह पर बनाएंगे। इस रिकॉर्ड के लिये गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के साथ चर्चा जारी है।
प्रो. हुबनाथ पांडेय के हाथों अनावरण: श्री ख़ान ने कहा-‘ फिलहाल हमें वर्ल्ड वाइड रिकॉर्ड्स का जो पुरस्कार मिला है, उसका अनावरण रविवार, 26 नवंबर को शाकुन्तलम् स्टूडियो में प्रोफेसर हुबनाथ पांडेय के हाथों संपन्न हुआ। इसे बड़ी संख्या में दर्शकों ने देखा और ‘आइडिया’ के इस अनूठे नाट्यकर्म और कीर्तिमान की सराहना की’। आगे पढ़िये –
IFFI में पकंज त्रिपाठी की मास्टर क्लास, कहा- दुनिया एक रंगमंच!

