इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह की पुण्यतिथि पर अभिनव कला समाज ने ‘सलाम जगजीत’ शीर्षक से कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें आकाशवाणी इंदौर से जुड़े गायक,कम्पोज़र संतोष अग्निहोत्री ने जगजीत सिंह की गाईं ग़ज़लों और गीतों का कार्यक्रम प्रस्तुत किया। आयोजन हाल ही में दिवंगत शहर के वरिष्ठ संगीत कलाकार और पत्रकार स्व.अरविंद अग्निहोत्री की स्मृति को समर्पित था।
संतोष अग्निहोत्री ने कार्यक्रम का आरंभ जगजीत सिंह के लोकप्रिय अलबम ” मां ” से लिये भक्ति गीत ‘अम्बे चरण कमल है तेरे’ से किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने जगजीत की गाई मशहूर ग़ज़लों और गीतों को पेश किया। इनमें,अपनी आँखों में समंदर में, प्यार मुझसे जो किया तुमने तो क्या पाओगी,कोई ये कैसे बताए की वो तन्हा क्यों है,होश वालों को खबर क्या बेख़ुदी क्या चीज है, बात निकलेगी तो दूर तलक जायेगी,तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो,होठों से छूलो तुम मेरा गीत अमर कर दो,तुमको देखा तो ये खयाल आया। इसके साथ ही उन्होनें, मेडली के रूप में भी कुछ ग़ज़लें सुनाईं।कार्यक्रम में तबले पर साथ दिया अमोल कारखानिस ने। गिटार पर विकास जैन ने की- बोर्ड पर मयूर पांडे ने संगत की। संचालन विद्याधर मुले ने किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में ग़ज़ल गायिका संकेतिका चौकसे,अभिषेक गावड़े,प्रवीण कुमार खारीवाल,कमल कस्तूरी, लक्ष्मीचंद वर्मा, बालकृष्ण सनेचा शामिल हुये। अंत में संगीतकार जीके गोविंद ने आभार व्यक्त किया।

