इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। ‘वाह..यह अप्रत्याशित है..’। अभिनेता अली फ़ज़ल की यह स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी, जब उन्हें बुसान फिल्म फेस्टिवल के एशिया कान्टेंट अवार्ड में बेस्ट एक्टर के रूप में नामांकित किये जाने की जानकारी मिली। अकेले अली ही नहीं उनकी तरह नुसरत भरूचा के हिस्से में भी यह खुशनसीबी आई है। अली को नेटफिल्क्स की ‘रे एंथोलॉजी’ की एक फिल्म में सर्वश्रेष्ट अभिनेता के लिये और नुसरत भरूचा को ‘अजीब दास्तान’ में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिये नामांकित किया गया है।
रे एंथोलॉजी की चार फिल्में हैं। इनमें से एक फिल्म ‘फॉरगेट मी नॉट’ में अली इस्पित नायर की भूमिका में है। जो कभी कुछ नहीं भूलता है। कंप्यूटर की तरह याददाश्त रखता है। फिल्म का निर्देशन श्रीजीत मुखर्जी ने किया है। यह फिल्म सत्यजीत रे की कहानी ‘बिपिन चौधरी का स्मृति भ्रम’ पर आधारित है। अली फज़ल ने कहा, ” मेरे काम के लिये इस तरह की मान्यता मेरे लिये बहुत मायने रखता है। इस साल एशिया में बहुत से कंटेट पर बेहतर फिल्में बनी हैं। ऐसे में कई प्रभावशाली एक्टर्स के बीच यह नामांकन पाना सम्मान की बात है।
एक और बड़ी बात यह भी है कि नुसरत भरुचा ने नेटफ्लिक्स के ‘अजीब दास्तान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का नामांकन हासिल किया है। तीसरा एशियाई कॉन्टेंट पुरस्कार (ACA) बुसान अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (BIFF) के एशियाई कॉन्टेंट और फिल्म बाजार (ACFM) द्वारा चलाया जाता है। ACA का उद्देश्य एशिया से उत्कृष्ट टीवी, ओटीटी और ऑनलाइन कॉन्टेंट का प्रदर्शन करना है। इस साल, ACA पर कोरियाई नाटक और नेटफ्लिक्स ओरिजनल्स का बोलबाला था।

