|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। वरिष्ठ रंगकर्मी अनिला सिंह एवं श्रीकांत किशोर ‘मैलोरंग नेपथ्य रंग-सम्मान’ से सम्मानित किये गये हैं। एक गरिमामय कार्यक्रम में दिल्ली की नाट्य संस्था ‘मिथिला लोक रंग’ ने दोनों रंग-हस्तियों को यह सम्मान साल 2023 के लिये प्रदान किये। कार्यक्रम राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय परिसर में मौजूद सम्मुख सभागार में आयोजित हुआ।
चौथा और पाँचवा नेपथ्य रंग-सम्मान: ख़ास बात ये है कि वर्ष 2023 के लिये चौथे एवं पाँचवें मैलोरंग ‘नेपथ्य रंग-सम्मान’ एक साथ घोषणा की गई। सुप्रसिद्ध परिधान परिकल्पक अनिला सिंह खोसला को चौथे तथा रंग-समीक्षा, अनुवाद एवं नाट्य लेखन के क्षेत्र में योगदान के लिये श्रीकांत किशोर को पाँचवे ‘नेपथ्य रंग-सम्मान’ से सम्मानित किया गया। श्रीकांत किशोर वर्तमान में सीआईएसएफ में डीआईजी के पद पर आसीन हैं। सम्मानित रंग प्रमुखों को एक प्रतीक चिह्न, अंग-वस्त्र एवं 51,000/ रुपये की राशि भी प्रदान की गई। सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ रंग निर्देशक एमके. रैना और विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रो. महेश आनंद विशिष्ट मौजूद थे। अध्यक्षता राष्ठ्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चितरंजन त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम का संचालन अमिताभ श्रीवास्तव ने किया।
मज़बूत नेपथ्य पर सफल प्रस्तुति का आधार: मैलोरंग के निर्देशक और सम्मान के प्रबंधक डॉ.प्रकाश झा ने कहा – ‘नेपथ्य, रंगमंच के लिए आवश्यक तत्व है, जिस नाट्यदल का नेपथ्य समूह जितना मजबूत होता है वह समूह उतनी ही अच्छी नाट्य प्रस्तुति कर पाता है। हालांकि अक्सर नेपथ्य से जुड़े लोग नज़रअंदाज़ किये जाते हैं। ऐसे में ‘मैलोरंग’ ने नेपथ्य में योगदान देने वाले रंगकर्मियों को सम्मानित करने का फ़ैसला किया और ‘नेपथ्य रंग-सम्मान’ नाम से पुरस्कार की स्थापना की। डॉ.झा ने बताया, इस सम्मान के संयोजक रंगऋषि प्रो. देवेंद्र राज अंकुर हैं, जो ‘कहानी का रंगमंच’ के जन्मदाता हैं, साथ ही राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व निदेशक भी रह चुके हैं। आगे पढ़िये –
8 भाषाओं में, 8 कहानियों के 8 नाटकों के मंचन का अनूठा रिकॉर्ड!

