कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टुडियो। दिल्ली के त्रिवेणी कला संगम में नौ दिवसीय ‘स्व. सरोज जैन: द साइलेंस विदिन’ कला प्रदर्शनी का समापन हो गया। इस प्रख्यात मूर्तिकार की स्मृति में ‘सरोज जैन स्कल्पचर अवॉर्ड’ की घोषणा भी की गई है। अवार्ड के बारे में फ़ैशन डिज़ाइनर पायल जैन ने कहा, ‘मेरी मासी की याद में यह अवार्ड्स प्रेम जैन मेमोरियल ट्रस्ट (PJMT) के माध्यम से 3 सबसे प्रतिभाशाली छात्रों को प्रदान किये जायेंगे’।
विविधतापूर्ण कलाकृतियों की प्रदर्शनी: प्रख्यात मूर्तिकार सरोज जैन का फरवरी 2022 में निधन हो गया था। यह प्रदर्शनी उनकी याद में लगाई गई थी। इसमें स्व.सरोज जैन की विशिष्ट क्यूबिस्ट स्कल्पचर कला के साथ ही उनकी विविधतापूर्ण कलाकृतियों की श्रृंखला प्रस्तुत की गई। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में कला प्रेमियों ने हिस्सा लिया और प्रदर्शित कृतियों की सराहना की। 
एक बेहतरीन कलाकार की उत्कृष्ट प्रदर्शनी: कला प्रदर्शनी को लेकर अपनी टिप्पणी में पद्मश्री प्रो.बिमन बी ने कहा- ‘यह एक मास्टर स्कल्पचर आर्टिस्ट की शानदार प्रदर्शनी थी’। प्रदर्शनी देखने पहुँचे इंदौर के कला प्रेमी दिशा पटेल ने कहा, मूर्तिकला में अभिव्यक्त इंसानी भाव शब्दों से परे थे। त्रिवेणी कला संगम के सचिव अमर श्रीधरनी ने कहा, सरोज जी एक बेहतरीन कलाकार थीं, मैं उन्हें उनके शांत और कोमल स्वभाव के लिये हमेशा याद रखूँगा’।

