शकील अख़्तर, इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। इंडियन रिकॉर्डिंग आर्ट्स एकेडमी एवार्ड्स ने मेरी ज़िम्मेदारी भी बढ़ा दी है। अब सुनने वाले मेरे काम पर ध्यान दे रहे हैं। ऐसे मुझे और भी बेहतर कर दिखाना होगा।’ यह बात हाल ही में साल 2018 के लिए इंडियन रिकॉर्डिंग आर्ट्स एकेडमी एवार्ड्स ( I R A A ) के दो अवार्ड्स से नवाज़े गए प्रतिभाशाली संगीत कलाकार मेघदीप बोस ने कही। जिन गीतों के प्रॉडक्शन के लिए उन्हें अवार्ड्स मिले हैं वो सुनने वालों की ज़ुबान पर हैं। उन्हें 2018 फिल्म- ‘नूर’ के गीत; “उफ ये नूर” और ग़ैर फिल्म अलबम-‘टैगोर फॉर टुडे’ के गीत- ‘तोमार होलो शुरु’ के लिये म्युज़िक प्रोड्यूसर ऑफ़ दी ईयर का सम्मान दिया गया है। इससे पहले उन्हें बॉलीवुड हिट- बोल दो ना ज़रा गीत के लिए यही अवार्ड मिला था।
मेघदीप ने कहा, ‘व्यावसायिक दबाव और रिजेक्शन के बीच हिट सांग्स को प्रोड्यूस करना आसान नहीं है,लेकिन मुझे खुशी है कि मैंने बेहतर काम प्रोड्यूस करने और उसके ज़रिये अपनी पहचान बना पाने में सफलता पाई है।’ मेघदीप को बहुत कम वक्त में यह अहम कामयाबी मिली है। मेघदीप का मुंबई में संगीत का सफर 2103 से शुरू हुआ था। शुरूआत में उन्हें राजू सिंह जैसे अनुभवी और विविध तरह के संगीत प्रॉडक्शन का काम करने वाले संगीतकार का साथ मिला। मेघदीप उनके साथ 2016 तक असिस्टेंट के रूप में काम करते और सीखते रहे।

बड़ी बात यह रही कि राजू सिंह ने मेघदीप को औरों के साथ काम की आज़ादी भी दी। इस वजह से वे कुछ और संगीत कलाकारों और प्रॉडक्शन के साथ काम करते रहे।2015 में जब अमाल मलिक को फिल्म “हीरो” के टाइटल ट्रैक का काम मिला। तब उन्हें एक नए साउंड की तलाश थी। मेघदीप बताते हैं, किस्मत से एक दिन अमाल ने यशराज स्टुडियो में लंदन के एक कंपोज़र के लिए प्रोडयूस किया ट्रैक सुना । उसे सुनते ही अमाल ने मुझे फिल्म ‘हीरो’ के सांग प्रॉडक्शन की ज़िम्मेदारी सौंप दी। और फिर वो दिन भी आया जब उन्हें सलमान खान की आवाज़ में ‘मैं हूं तेरा हीरो’ गीत को प्रोड्यूस करने का मौका मिला। अमाल के साथ ही मेघदीप विशाल-शेखर, शंकर-एहसान-लॉय, सलीम-सुलेमान, शिवमणि, अनु मलिक, अमित त्रिवेदी, राम सम्पत जैसे संगीतकारों के लिये काम कर चुके हैं । मेघदीप अपने पिता और गुरू दिलीप बोस की तरह एक अच्छे कंपोजर और गायक भी हैं। वे कहते हैं, अगर अवसर मिलता है तो मैं बॉलीवुड में एक स्वतंत्र कंपोज़र के रूप में ज़रूर काम करेंगे बल्कि वो इस चुनौती को लेने को तैयार है। जल्द इसका नतीजा भी सामने आने वाला है।
मेघदीप के प्रोड्यूस बॉलीवुड हिट्स
- स्वाग से करेंगे स्वागत (टाइगर ज़िंदा है)
- कौन तुझे यूं ( एमएस धोनी )
- बोल दो ना ज़रा ( अज़हर )
- मैं हूं हीरो तेरा ( हीरो )
- बेसब्रियां ( एमएस धोनी )
- जब तक ( एमएस धोनी )
- तुम्हें अपना बनाने का ( हेट स्टोरी 3 )
- बहुत सम्मान ( मुक्काबाज़ )
- उफ ये नूर ( नूर )
- तू भुला जिसे ( एयरलिफ्ट ) #IRAA #Film Music #इंडियन रिकॉर्डिंग आर्ट्स एकेडमी एवार्ड्स #फिल्म संगीत #संगीतकार

