शकील अख़्तर, इंदौर स्टूडियो। पर्दा अभी उठा नहीं है। थर्ड बेल होना अभी बाकी है, लेकिन ऑडिटोरियम में आप सुन रहे हैं परदे के पीछे से आता लोक संगीत। प्रेक्षागृह में बैठे हुए लग रहा है जैसे आप किसी गाँव-देहात में पहुँच गए हैं, जहाँ लोक संगीत से जुड़े कलाकारों का जमघट है। कुछ ग्रामीण लोग हैं जो हारमोनियम, तबले, सारंगी, बैंजो, ढोल-ताशे के साथ जम गए हैं।
‘बाबूजी’ – स्व. बी.वी. कारंत को श्रद्धांजलि:
और जब परदा खुलता है, लोक संगीत का यह पूर्व रंग आपको पहुँचा देता है एक नई संगीतमय नौटंकी में। नौटंकी की हँसाते-हँसाते दिल दुखा देने वाली इस मार्मिक कहानी का नाम है—’बाबूजी’। इसके लेखक मिथिलेश्वर हैं और नाट्य रूपांतरण विभांशु वैभव का है। अवधी और हिन्दुस्तानी जुबान का यह नाटक एनएसडी रेपर्टरी की ओर से स्व. बी.वी. कारंत को श्रद्धांजलि है, क्योंकि इस नौटंकी में संगीत कारंत जी का ही है।
राजेश सिंह का बहुआयामी निर्देशन और अभिनय:
इस नौटंकी के निर्देशक और मुख्य अभिनेता राजेश सिंह हैं। उन्होंने नाटक में जितना बढ़िया निर्देशन किया है, उतना ही भावप्रवण अभिनय और गायन भी किया है। इसकी प्रस्तुति और शिल्प को उन्होंने जिस तरह से डिज़ाइन किया है, वह पारंपरिक होते हुए भी कुछ नया और रोचक है। देखा जाये तो यह पूरा नाटक उनके निर्देशन, अभिनय, गायन और नाट्य-कला दक्षता को दर्शाता है और प्रमाणित करता है कि वर्तमान में वे राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के रंगमंडल प्रमुख क्यों हैं।
मूल धुनों और नए गीतों का समावेश:
और बात फिर से बेमिसाल रंगगुरु बाबा यानी कारंत जी की। राजेश सिंह के अनुसार, “उन्होंने नाटक में कारंत जी के स्वरबद्ध और संयोजित सभी लोक गीतों को उसी स्वरूप में रखने का प्रयास किया है, जैसा कि उन्होंने इसकी रचना की थी। कारंत साहब ने इसी कहानी को नौटंकी में ही सालों पहले दिल्ली के श्रीराम सेंटर में प्रस्तुत किया था।” राजेश सिंह के अनुसार, “इस नाटक के निर्माण के समय जब हमें इन बातों का पता चला, तो हमने अपनी इस प्रस्तुति में इसे अपनाया और फिर इसे अपनी तरह से नौटंकी के शिल्प में नई रचनात्मक दृष्टि दी। खुद मैंने भी कुछ और लोक गीतों को इसमें शामिल कर लिया।”
गीति-नाट्य विधा और गीतों की श्रृंखला:
हम जानते ही हैं कि नौटंकी की बुनियाद संगीत पर ही आधारित होती है। यह मूल रूप से एक ‘गीति-नाट्य’ (Operatic theatre) की विधा है, जिसमें अभिनय, नृत्य और गायन का अनूठा संगम होता है। सिनेमा और टेलीविज़न के आने से पहले, नौटंकी ही आम जनता के मनोरंजन और सामाजिक संदेश देने का सबसे बेहतरीन माध्यम हुआ करती थी। एनएसडी रेपर्टरी द्वारा प्रस्तुत इस नौटंकी में भी 20 से अधिक छोटे-बड़े गीत हैं, और सब एक से बढ़कर एक हैं—अलग-अलग अंदाज़, रंग और शैली में कहानी में नया रस-भाव घोलने वाले।
मंच पर जीवंत गायन और वादन मंडली:
ज़ाहिर है कि नाटक का संगीत ‘बाबूजी’ का मुख्य आकर्षण है। जैसा कि अभी कहा गया—राजेश सिंह नाटक में एक दर्जन से अधिक गीत खुद गाते हैं और अभिनय करते हैं। वे अपने गले की फिरत के साथ कहानी की स्थिति के अनुसार भावों को अभिव्यक्त करते हैं। नाटक के इस संगीत के लिए एक बड़ी संगीत मंडली है और किसी लल्लनटॉप नौटंकी की तरह गायन, वादन और नृत्य के कलाकार भी हैं।
परंपरा और आधुनिकता का अनूठा समन्वय:
शिल्प की थोड़ी सी बात और करें, तो पारंपरिक नौटंकी में ज़्यादातर प्रस्तुति गाकर ही होती है, लेकिन रेपर्टरी की इस प्रस्तुति में संगीत के साथ संवाद भी हैं। इसे आप मॉडर्न थियेटर और कहानी के अनुरूप रचा गया स्वरूप भी कह सकते हैं। पारंपरिक नौटंकी की कहानियाँ (जिन्हें ‘सांग’ या ‘स्वांग’ भी कहा जाता है) ऐतिहासिक वीरों (जैसे—अमर सिंह राठौर, आल्हा-ऊदल), पौराणिक कथाओं (राजा हरिश्चंद्र, सत्यवान-सावित्री) और रूमानी लोक-कथाओं (लैला-मजनू) पर आधारित हुआ करती थीं। इस अर्थ में ‘बाबूजी’ की कहानी कुछ अलग है, लेकिन चूँकि कहानी एक नौटंकी कलाकार की है, इसलिए यह साहित्यिक कहानी न लगकर नौटंकी की ही लगने लगती है।
रागों, छंदों और चौबोला का खूबसूरत मिश्रण:
नौटंकी का संगीत लोक धुनों और शास्त्रीय/उप-शास्त्रीय रागों (जैसे—पीलू, भैरवी, खमाज) का खूबसूरत मिश्रण होता है। इसमें गाए जाने वाले गीतों और संवादों को विभिन्न ‘छंदों’ में बाँटा गया है। मिसाल के लिए, चौबोला नौटंकी की जान है; इस छंद में संवाद गाए भी जाते हैं। अक्सर किसी भी नए दृश्य की शुरुआत दोहे से होती है, जिसमें कोई दार्शनिक या नैतिक बात कही जाती है।
बहरे तबील, लावनी, कव्वाली का रंग:
नौटंकी में आपको उर्दू शायरी का पारंपरिक हिन्दुस्तानी स्वरूप भी देखने-सुनने को मिलता है। इसमें ‘बहरे तबील’ के लंबे छंद का उपयोग होता है, जिसके ज़रिए दुख या क्रोध की भावनाएँ प्रकट की जाती हैं। रूमानी बातों और हँसी-मज़ाक के लिए लावनी छंद का और पारसी रंगमंच की तरह इसमें ग़ज़लें और कव्वालियाँ भी गाई जाती हैं। ‘बाबूजी’ के संगीत में लोक गायन की इन शैलियों का मिला-जुला रंग देखने को मिला।
एक लोक गायक कलाकार की कहानी:
इसकी कहानी एक ऐसे लोक कलाकार की है जो समाज के विरोध के बावजूद उस महिला से विवाह करता है जिसे लोग कलंकिनी (बुरे आचरण वाली औरत) कहते हैं। मगर बाबूजी इसकी परवाह नहीं करते और वे उससे ब्याह रचा लेते हैं। उनकी इस बात पर पूरा गाँव उनके खिलाफ़ हो जाता है और उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया जाता है, लेकिन बाबूजी इस बात की परवाह नहीं करते।
जिसे जीवन संगिनी बनाया, उसी ने ठुकराया:
लेकिन विडंबना देखिए, समाज की जिस ठुकराई औरत ‘कौशल्या’ को बाबूजी अपनी जीवन संगिनी बनाकर अपना घर-बार सौंप देते हैं, वही उनके गाने-बजाने और मर्जी से जीने के खिलाफ़ विवाद शुरू कर देती है। वह यह भी नहीं समझती कि उसी की वजह से समाज में बाबूजी का बहिष्कार हुआ, बल्कि इसके लिए भी वह अपने पति को ताने देने लगती है।
अवधी संवादों में कला और जीवन का द्वंद्व:
कौशल्या की बातों का आशय है—”तुम्हार ई नौटंकी-तमाशा हमका बिलकुल नीक नाहीं लागत। घर मा ई सब अब बंद करि द्या।” जवाब में बाबूजी कहते हैं—”अरे, तुम इत्ते काहे परेशान होत हउ? तुम आपन मन-मरजी से जिओ, जउन करै क चाहो, करो। ई घर-दुआर सब तुम्हार हौ। हमका बस आपन मरजी से जीए द्या। जौन तुम तमाशा कहत हउ, उ हमार साँस हौ, हमार जिनिगी हौ।” लेकिन कौशल्या नहीं समझती और वह बाबूजी के साथियों के सामने उन्हें अपमानित करती है तथा फिर उन पर लांछन लगाकर बच्चों के साथ घर छोड़ देती है।
दु:खों का वज्रपात और बाबूजी का अवसान:
बाबूजी के लिए यह एक बड़ा झटका है, लेकिन संगीत के ज़रिए वे फिर अपने दुख को भुलाने लगते हैं। कुछ सालों बाद कौशल्या अपने जवान बच्चों को लेकर घर लौट आती है, लेकिन इस बार पुलिस और गाँव वालों के साथ। पुलिस बाबूजी को उनके ही घर से बेदखल कर देती है; बाबूजी पर जैसे वज्रपात होता है। नाटक का अंत उन्हें संगीत की ऊँचाइयों पर ले जाता है, परंतु उनकी अपनी बेटी की शादी में गायन-वादन को लेकर हुए विवाद में उन्हें पीट-पीटकर अधमरा कर दिया जाता है। विपरीत हालात में मंडली के कलाकार भी उनका साथ छोड़ देते हैं। केवल उनकी सहयोगी नर्तकी सुरसती देखभाल के लिए रह जाती है, और फिर उसी के साथ संगीत में रमे बाबूजी अपनी आखिरी साँसें लेते हैं।
नाट्य रूपांतरण और दृश्यों के प्रभाव का विश्लेषण:
मिथिलेश्वर जी की इस कहानी को विभांशु वैभव ने रूपांतरित किया है। इस रूपांतरण में कहानी के अनुरूप कौशल्या और उसके तीन बच्चों वाले परिवार के जो दृश्य हैं, उसमें एक ऐसे दृश्य की भी आवश्यकता महसूस होती है, जब वह कुछ साल बाद बाबूजी के घर में वापस आने की योजना बना रही है। वह ऐसा क्यों कर रही है, इस नये दृश्य में यह दिखाया जा सकता है। इस दृश्य में उसके बड़े बेटे, उसे भड़काने वाले गाँव के लोग और पुलिस की मिली भगत को शामिल किया जा सकता है। तब कौशल्या के घर लौटने का दृश्य और भी प्रभावशाली होगा और बड़े बेटे का बुरा सुलूक भी। नाटक में बाबूजी का छोटा बेटा उनके संगीत से प्रभावित है, और वही सूत्रधार की भूमिका में भी है।
मुख्य कलाकारों का जीवंत और यादगार अभिनय:
इस नाटक में सभी कलाकारों ने अच्छा अभिनय किया है, लेकिन विशेष रूप से राजेश सिंह (बाबूजी) और उनकी मंडली में शामिल कलाकार दर्शकों के दिल में खास जगह बना लेते हैं। इनमें बेहद प्रतिभा संपन्न शिव प्रसाद गोंड (काका और धनपत), प्रतीक बडेरा (लच्छू), अनंत शर्मा (कालिदीन) और सुरसती (पूनम दहिया) जैसे कलाकार शामिल हैं। इनके कई दृश्य याद रह जाते हैं; इन्हीं की मौजूदगी की वजह से दर्शक इस मार्मिक कहानी के बावजूद बार-बार ठहाके लगाते हैं।नाटक में शिल्पा भारती ने कौशल्या की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इस भूमिका में वे नाटक के कथानक को गति देती है, उनके बेटे के रूप में मज़िबूर रहमान ने भी पिता विरोधी अपने अक्खड़ चरित्र से याद रह जाते हैं।
सह-कलाकारों का सराहनीय मंचन और समूह प्रभाव:
इन प्रमुख कलाकारों के साथ ही नाटक में क्रमश: हीरालाल राय, अनीता बितालू, ताबिश ख़ान, शौर्य शंकर और अंकुर सिंह ने भी अपनी भूमिकाओं में बढ़िया अभिनय किया है। इसी तरह से सहयोगी कलाकारों में मोतीलाल खरे, अमन कुमार, आशुतोष कुमार, मनीष मिश्रा, प्रसून नारायण, नरेश कुमार, अप्सरा खान, अनीता बितालू, माधवी शर्मा, इप्सिता कुंदु और अनुपमा कौशिक दिलचस्प दृश्य प्रतिक्रियात्मक या गाँव के विविध दृश्य रचते हैं।
परदे के पीछे के संगीतकारों का अमूल्य योगदान:
इस नाटक में संगीत बहुत ख़ास है, लेकिन मंच-सज्जा कुछ ऐसी है कि गाते-बजाते कलाकार मंच पर दिखाई नहीं देते। पर्दा खुलने से पहले से लेकर पर्दा बंद होने तक उन संगतकारों के बारे में जानने की जिज्ञासा बनी रहती है। कहने की ज़रूरत नहीं, यह नाटक इन संगीत कलाकारों की बदौलत ही और बड़ा बनता है। इन कलाकारों में शामिल हैं—राजेश पाठक (हारमोनियम), पं. अनिल कुमार मिश्रा (सारंगी), नारायण ठाकुर (बैंजो), मनोज कुमार दास (तबला), अतीक ख़ान (नगाड़ा) और लयकार शैलेंद्र चौहान व नवीन सिंह ठाकुर। नाटक की प्रकाश कल्पना अवतार सिंह, प्रकाश संचालन सुनील कुमार, वेशभूषा नलिनी आर. जोशी, पूनम, निशा और पार्वती बिष्ट की रही। नाटक की कोरियोग्राफी निधि मिश्रा ने की है। इनमें मंडली के कुछ नृत्यों के साथ प्रतीक बडेरा और शिव प्रसाद गोंड की मुद्राएं हँसाती और आकर्षित करती हैं।
एनएसडी रेपर्टरी की एक और उल्लेखनीय प्रस्तुति:
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के समर थियेटर की यह एक और उल्लेखनीय प्रस्तुति बनी। ‘अक्स तमाशा‘, ‘ताजमहल का टेंडर’, ‘तमस‘, ‘माई रे मैं कासे कहूँ‘ और ‘बंद गली का आख़िरी मकान’ के साथ ही ‘बाबूजी’ जैसी प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए एक अनुभव बन जाती हैं। इन सभी प्रस्तुतियों के रंग-प्रयोग भी महत्वपूर्ण हैं और अच्छी बात यह है कि इस बार समर फेस्टिवल ज़्यादा लंबे समय तक रखा गया है, शोज़ की संख्या भी बढ़ाई गई है, इसलिए दर्शकों को रेपर्टरी के इन शोज़ को देखने की समयानुकूल सुविधा मिली है। (इस समीक्षा के लेखक शकील अख़्तर, ‘इंदौर स्टू़डियो’ के संस्थापक संपादक हैं। थियेटर जर्नलिज़्म में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।) आगे पढ़िये – तमस: इतिहास, इंसानियत और साज़िश https://indorestudio.com/tamas-play-review-nsd-repertory-bhisham-sahni/
हँसते-हँसते दिल दुखा देने वाली नौटंकी ‘बाबूजी’
RELATED ARTICLES

