कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। सीधी के बैजनाथ सभागार में मुंशी प्रेमचन्द कृत ‘बड़े भाई साहब’ का बाल कलाकारों ने मंचन किया। इन्द्रवती नाट्य समिति एवं अबोध बाल शिक्षा निकेतन हाई स्कूल सीधी के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन हुआ। यह नाटक 21 दिवसीय निःशुल्क प्रस्तुति परक ग्रीष्म कालीन नाट्य कार्यशाला के दौरान तैयार किया गया।
अभिनय, नृत्य, संगीत का प्रशिक्षण: कार्यशाला में इस नाटक को तैयार किये जाने के साथ अभिनय, नृत्य, संगीत से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों का भी प्रशिक्षण दिया गया। नाटक दो सगे भाइयों की पढ़ाई से जुड़ी कहानी है। बड़ा भाई रात-दिन बड़ी मेहनत करता है। इसके बावजूद उसे एक कक्षा से दूसरी कक्षा में पहुंचने में तीन साल लग जाते हैं। वहीं दूसरी तरफ़ छोटा भाई दिनभर दोस्तों के साथ खेलता रहता है। वह फर्स्ट क्लास में पास हो जाता है। वह तीन क्लास आगे रहने वाले बड़े भाई बस एक क्लास पीछे रह जाता है। नाटक हंसी-हंसी में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी बहुत कुछ सिखाता है।
मंच पर इनकी रही प्रतिभागिता: नाटक में ओमकार पाण्डेय, अनुकृति सिंह, अंश सिंह बघेल, अम्बे जैसवाल, दिव्य दीप सिंह, सुशांत मिश्र ने अभिनय किया। संगीत संयोजन प्रजीत साकेत का रहा, परिकल्पना एवं निर्देशन रजनीश जायसवाल ने किया। नाटक के मंचन से पूर्व अभिषेक कुंदेर ने कार्यशाला का संक्षिप्त परिचय दिया। इसके बाद अबोध विद्यालय के संचालक राम सिंह और मानिंद शेर अली खान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नाट्य मंचन की दर्शकों और अतिथियों ने ख़ूब सराहना की।
बाल कलाकारों को प्रमाण पत्र भेंट: अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। नीरज कुंदेर ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में बाबूलाल कुंदेर, रोशनी प्रसाद मिश्र, नेहा सिंह कुंदेर, प्रियंका सिंह सहित प्रतिभागियों के अभिभावकों ने मौजूदगी दर्ज कराई। कार्यशाला के लिये विशेष सहयोग प्रवीण सिंह, लकी कंप्यूटर का रहा। प्रायोजन आर्ट ऑन क्लिक व प्रबंधन एक्सट्रीम आर्ट एण्ड एजुकेशनल सोसाइटी ने किया।

