कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, पश्चिमी संस्कृति की चकाचौंध और इन सबके बीच पीछे छूटते पारिवारिक संस्कार। कुछ ऐसे ही ज्वलंत विषय को रुपहले पर्दे पर लेकर आ रही है आगामी फिल्म ‘बैलेंस’। मध्य प्रदेश स्टेट प्रेस क्लब के खास कार्यक्रम ‘रूबरू’ में फिल्म की पूरी टीम ने शिरकत की और इस भावनात्मक पारिवारिक कहानी से जुड़ी कई रोचक बातें साझा कीं। कार्यक्रम में फिल्म की निर्माता रुचिता मेहता, निर्देशक प्रवेश व्यास और मुख्य अभिनेता रोहिताश्व गौर के साथ-साथ राघव श्रीवास्तव, पूजा चौधरी एवं मीनल शर्मा भी मौजूद रहीं।
क्या है फिल्म की कहानी? :
मुख्य अभिनेता रोहिताश्व गौर ने बताया कि ‘बैलेंस’ एक सरल और संवेदनशील कहानी है, जो पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी और परिवारों के भीतर के भावनात्मक संघर्ष को उजागर करती है। निर्देशक प्रवेश व्यास ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी महंगी चीजों और पैसों की दौड़ में यह मानने लगी है कि सफलता केवल भौतिक सुखों में है। यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी कि जीवन में वास्तव में क्या मायने रखता है।
99 प्रतिशत स्थानीय कलाकार, पर्दे पर दिखेगा खूबसूरत इंदौर:
फिल्म की पृष्ठभूमि पूरी तरह से इंदौर पर आधारित है और इसके 99% कलाकार भी स्थानीय हैं। फिल्म के एसोसिएट डायरेक्टर और एक्टिंग कोच तपन शर्मा के मार्गदर्शन में श्रीराम जोग, शैलेन्द्र शर्मा और डॉ. ऋषिना नाटू जैसे जाने-माने चेहरे भी इसमें नजर आएंगे। निर्माताओं ने विशेष रूप से ऐसे लोकेशंस का चुनाव किया है, जो देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की सकारात्मक और सुंदर छवि को पर्दे पर उभार सकें।
हॉलीवुड स्तर की तकनीक से हो रही शूटिंग:
प्रवेश व्यास इस फिल्म में लेखक, निर्देशक, सिनेमैटोग्राफर, संगीत निर्देशक और एडिटर जैसी कई अहम भूमिकाएं निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म को विश्वस्तरीय सिनेमैटिक अनुभव देने के लिए ‘एरी एलेक्सा मिनी एफएल’ (Arri Alexa Mini LF) कैमरे का इस्तेमाल किया जा रहा है। बता दें कि इसी कैमरे से हॉलीवुड की ड्यून, बैटमैन और भारत की बाहुबली, कांतारा, एनिमल व पठान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शूट हो चुकी हैं।
दिसंबर में रिलीज की तैयारी:
इंदौर में 3 मई 2026 से शुरू हुई इस फिल्म की शूटिंग अंतिम चरण में है और इसे 26 मई तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, मुख्य अभिनेता रोहिताश्व गौर 20 मई तक अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर लेंगे। फिल्म को इसी साल दिसंबर 2026 में रिलीज करने की योजना है।

