इंदौर स्टूडियो डॉट कॉम। उज्जैन में अभा कालिदास समारोह के अवसर पर भारतीय लोक और कला के पारस्परिक सम्बंधों की पड़ताल करते हुए एक महत्त्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन हुआ।
रिश्तों की पड़ताल : इसमें कला मनीषी और वरिष्ठ ललित निबन्धकार नर्मदा प्रसाद उपाध्याय ने इस विषय पर व्याख्यान देते हुए हमारी परम्परा में लोक के वैशिष्ट्य और कला के साथ उसके रिश्तों की पड़ताल की। अध्यक्षता वरिष्ठ कलाकार और पूर्व चित्रकला विभागाध्यक्ष प्रो श्रीकृष्ण जोशी ने की। विक्रम विवि में हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने कालिदास समारोह की परम्परा और पद्मभूषण पं सूर्यनारायण व्यास के अवदान पर प्रकाश डाला।
मालवा के भित्तिचित्रों पर एकाग्र पुस्तक का विमोचन : इस मौके पर हाल ही में प्रकाशित नर्मदाप्रसाद उपाध्याय की मालवा के भित्तिचित्रों पर एकाग्र पुस्तक का विमोचन भी किया गया। उन्होंने इस श्रम साध्य कार्य के माध्यम से मालवा शैली की चित्रांकन परम्परा का महत्त्वपूर्ण आकलन किया है। पुस्तक का चित्ताकर्षक आकल्पन कला मनीषी अक्षय आमेरिया ने किया है, वहीं खूबसूरत फोटोग्राफी योगेश पोरवाल ने की है।

