इंदौर स्टूडियो, कला प्रतिनिधि। ‘किसी असफलता के वक्त हम अक्सर निराशा में डूब जाते हैं, परंतु उस समय जो कुछ अच्छा हो रहा है, उसपर ध्यान नहीं देते। यह मेरा अपना अनुभव है’। जीवन में कुछ बनने के लिये संघर्ष कर रहे युवाओं को इस बात पर ध्यान देना चाहिये’। यह बात ‘बिग बॉस’ की आवाज़ के रूप में प्रख्यात वाइस ओवर आर्टिस्ट, मोटिवेटर और एक्टर विजय विक्रम सिंह ने कही। वे स्टेट प्रेस क्लब,मध्यप्रदेश द्वारा इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में पूछे गये सवालों के जवाब दे रहे थे।
ग़लत दिशा में जाने से रोकें क़दम: विजय विक्रम सिंह ने कहा -‘बहुत बार नाकाम होने पर नौजवानों के क़दम नशे जैसी ग़लत दिशा की ओर मुड़ जाते हैं, यह ठीक नहीं। उन्होंने ख़ुद अपनी मिसाल देते हुये कहा -‘सेना में चयन ना होने पाने की वजह से वे गहरी निराशा में डूब गये थे। हालांकि उस समय जीवन में जो अच्छी बातें हो रही थीं, उससे ध्यान हट गया था। हमें असफलता के उन क्षणों में इस बात पर भी ध्यान देने की ज़रूरत है। तब हालात से उबरकर कुछ और बेहतर करने में सक्षम होंगे’।
बेहतर अवसरों का है आज का समय: अनुभवी अभिनेता ने कहा, क्रिएटिव फील्ड्स में आज बहुत से अवसर खुले हुए हैं लेकिन यदि आप किसी क्रिएटिव आर्ट के प्रति अपने पैशन को आजीविका के रूप में अपनाना चाहते हैं तो आपको अपनी क्षमताओं का आकलन भी कर लेना ज़रूरी है। जोखिम सोच समझकर लेना भी ज़रुरी है’।
आवाज़ के लिये निरंतर अभ्यास ज़रूरी: कार्यक्रम में विभिन्न कला विधाओं से जुड़े आलोक बाजपेयी ने वाइस एक्टिंग को लेकर सवाल पूछा। इसपर विजय विक्रम सिंह ने कहा – ‘वॉयस एक्टिंग के लिए आवाज़ पर नियंत्रण के लिए सांस पर नियंत्रण, उच्चारण की शुद्धता, भावों के साथ बात कहने का अभ्यास करते रहना ज़रूरी है’।
‘बेस वाइस’ की कृत्रिमता से बचें: श्री सिंह ने कहा – ‘आवाज़ का अभिनय करने वाले अक्सर “बेस या खरज वाली आवाज़ के फेर” में पड़ जाते हैं। इस तरह वे अपनी स्वाभाविक आवाज़ भूल ही जाते हैं। यहाँ तक कि वे हँसते भी बेस में हैं जो ठीक नहीं। मैं इस फेर में नहीं पड़ा। इसीलिए आवाज़ के अभिनय के कई रंगों के साथ विविध तरह के काम कर सका।
बिग बॉस ने दी लाइव प्रस्तुति: कार्यक्रम ने सभी की दिलचस्पी को देखते हुए श्री सिंह ने ‘बिग बॉस’ की आवाज़ के साथ अनेक धारावाहिकों और विज्ञापनों में अपनी आवाज़ की लाइव प्रस्तुति दी। इसे सुनकर कार्यक्रम में मौजूद दर्शक बेहद ख़ुश हुए। इस दौरान उनकी दमदार आवाज़ ने सभी को बार-बार तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया। आपको बता दें, बिग बॉस, विज्ञापनों और कई और कार्यक्रमो की आवाज़, विजय विक्रम सिंह ने “द फैमिली मैन”, मिर्ज़ापुर – 2, ब्रीद – 2 जैसी सिरीज़ में अभिनय से भी दर्शकों प्रभावित किया है। इसके साथ ही इन दिनों विजय विक्रम, वाइस ट्रेनर और मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में भी अपनी पेशेवर सेवाएं दे रहे हैं।
स्टेट प्रेस क्लब ने किया अभिनंदन: प्रारंभ में स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने विजय विक्रम सिंह का स्वागत किया। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रोनिक मीडिया रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर चंदन गुप्ता एवं पत्रकारिता विभाग की विभागाध्यक्ष सोनाली नरगुंदे ने विजय विक्रम का अभिनन्दन किया। उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन आलोक बाजपेयी ने किया। आगे पढ़िये –

