Wednesday, May 13, 2026
Homeसिने रंगकैनवास पर कल्पना के रंग बिखेरने वाले बॉलीवुड के ‘चित्रकार’ सितारे कौन...

कैनवास पर कल्पना के रंग बिखेरने वाले बॉलीवुड के ‘चित्रकार’ सितारे कौन ?

(अहमद ख़ान, सिने प्रतिनिधि मुंबई)
इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। सलमान ख़ान,सोनाक्षी सिन्हा,इलियाना डिक्रूज़,वामिका गब्बी,सिद्धांत चतुर्वेदी,तारा सुतारिया..। बॉलीवुड के ये ऐसे सितारे हैं जो सिनेमा के कैनवास को अपने अभिनय के रंगों से सजाते ही हैं, परंतु वक्त मिलने पर सिनेमा के ये कलाकार किसी पेशेवर चित्रकार की तरह कैनवास पर कल्पना के रंग भी बिखरते हैं। उनकी यह प्रतिभा दुनिया के सामने प्रदर्शित भी होती रहती है। पेंटिंग और ब्रश से उनका यह लगाव शौकिया भर नहीं है। कुछ कलाकार चित्रकला को पूरी गंभीरता से सीखना चाहते हैं। वहीं सोनाक्षी और सलमान ख़ान जैसे सितारे अपनी पेंटिग से मिलने वाली राशि ज़रूरतमंदों से जुड़े कार्यक्रमों के लिये सौंप देते हैं। वामिका एक बेहतरीन चित्रकार : इस फेहरिस्त में हम सबसे पहले बात करते हैं वामिका की। कम ही लोग जानते हैं कि वामिका एक बेहतरीन चित्रकार भी हैं। इसकी तालीम उन्होंने किसी से नहीं ली, वे अपनी गुरू आप हैं। हां यह सच है वे चित्रकला को प्रोफेशनली सीखना चाहती हैं। फिलहाल शूटिंग के बिज़ी शेड्यूल की वजह से यह नहीं हो पा रहा है। परंतु पेटिंग के लिये जुनून ऐसा है कि वक्त मिलते ही वे अपने पेंट और ब्रश के साथ रंगों की दुनिया में लौट आती हैं। वामिका की एक और ख़ास बात और है। वे हमेशा अपने बैग में स्केचिंग के लिये पेपर और पेंसिल का एक सैट रखती हैं। फिल्म ‘गोधा’ के सेट पर वामिका ने अपने पिता की एक तस्वीर बनाई थी, उन्हें अचानक ऐसा लगा कि पापा की तस्वीर बनाना चाहिये। नतीजा शानदार रहा, उन्होंने पिता के इस स्कैच को उनके प्रति आदर और प्यार जताने के लिये ‘फादर्स डे’ पर गिफ्ट कर दिया। वामिका के लिये पेटिंग ध्यान की एक प्रक्रिया है। जब भी उन्हें ऐसा करने का मौका मिलता है, वे कैनवास पर रंग बिखेरने के लिये तैयार हो जाती हैं। सोनाक्षी के चेहरों में कहानी : स्कैचिंग और चित्रकला में सोनाक्षी सिन्हा भी अच्छा ख़ासा दखल रखती हैं। चेहरों को तराशने के उनके प्यार ने उन्हें बार-बार स्केचिंग के लिये प्रेरित किया है। उनकी नज़र में, हर चेहरा एक कहानी कहता है और सोनाक्षी अपनी पेटिंग के ज़रिये इन कहानियों को चित्रित करती रहती हैं। यह आसान नहीं है। उनकी कोशिश रहती है कि हर कहानी दूसरे से भिन्न हो। यह और बात है कि उनके काम को देखने वाला हर व्यक्ति उनकी कला को अलग तरह से देखता है। यह कला की स्वतंत्रता है,ऐसा वह मानती हैं। बड़ी बात यह है कि सोनाक्षी ने एक नेक इरादे के साथ अपने शौक को जुनून में बदल दिया है। वे पेटिंग के ज़रिये परमार्थिक काम करने का काम करती हैं। हाल ही में उन्होंने दैनिक वेतन भोगियों के लिए धन जुटाने के लिए अपनी कुछ कलाकृतियों की नीलामी की। वे रंगों का यह सफ़र और शौक हमेशा कायम रखना चाहती हैं।इलियाना की पेटिंग,उम्मीद की किरण : इलियाना डिक्रूज़ एक बेहतरीन अदाकारा, फैशन आइकॉन होने के साथ एक उम्दा पेंटर भी हैं। पहली बार जब उन्होंने अपने भीतर के पिकासो को पेश किया, तो उन्होंने इसे सामान्य से थोड़ा अलग तरह से प्रदर्शित किया। उन्होंने अपनी कलाकृति की प्रस्तावना के रूप में एक छोटी कविता साझा की। अपनी पोएम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और फिर अपनी बनाई पेंटिंग को प्रदर्शित किया। उन्होंने अपने काम को कैप्शन दिया, ”heartbeats and feels,.. With a glimmer of hope. ( धड़कन और अनुभूतियां,उम्मीद की किरण के साथ )। उन्होंने निश्चित रूप से अपने काम से कई लोगों के दिलों को छू लिया है। दर्शकों ने इसे पसंद किया और पेटिंग इंस्टाग्राम पर तुरंत ही हिट हो गई।सिद्धांत की पेटिंग इन्टाग्राम पर हिट : लाखों दिलों की धड़कन, सिद्धांत चतुर्वेदी सिने चित्रकारों की सूची का एक और नाम है। अपने इंस्टाग्राम पर, उन्होंने हाल ही में कैनवास पर एक शांत छवि को चित्रित करते हुए, अपनी एक तस्वीर, हाथ में एक पैलेट, साझा की। जैसे ही यह पोस्ट इंस्टाग्राम पर आई,लाइक्स आने का सिलसिला शुरू हो गया। जोश से भरे एक प्रशंसक ने महान् चित्रकार लियोनार्डो दा विंची का नाम तक लिख दिया!चारकोल पेटिंग से तारा को प्यार : स्कैचिंग और चित्रकला में हाथ आज़माने वाली एक और जगमगाती सितारा का नाम तारा सुतारिया है। ये हॉट एक्ट्रेस भी सुकून पाने के लिये पेटिंग की शरण लेती हैं। ख़ासकर बारिश के दिनों में। ये अभिनेत्री बरसात के दिनों में चारकोल पेंटिंग में मशगूल हो जाती हैं। पहली बार जब तारा ने  इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, तब उनके कई चाहने वाले हैरान रह गये। उनकी कलाकृतियां ऐसी नहीं थी जिन्हें सिर्फ शौकिया कहकर टाला जा सके। उनका काम एक एक पेशेवर पेंटर की तरह ही लग रहा था। उनकी पोस्ट पर ऐसे ही कमेंट्स भी मिले। उम्मीद की जाना चाहिये कि तारा अपनी और भी कला विधाओं से हम सभी को आश्चर्य में डालती रहेंगी।सलमान को भी चित्रकला से प्यार : सबसे आख़िर में वो स्टार..जिनकी पेटिंग के ख़रीदार ख़ासी क़ीमत भी अदा करते हैं। इस तरह से संग्रहित राशि ज़रूरतमंदों के लिये दे दी जाती है। ऐसा करने वाले बॉलीवुड के अभिनेता सलमान ख़ान हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि वे जो भी काम करते हैं पूरे दिल से करने की कोशिश करते हैं। चाहे फिल्म में उनके एक्शन सीक्वेंस हों या उनके वर्कआउट सेशन, वह अपना काम जी जान से करते हैं। इसी तरह वक्त मिलते ही वे भी पेटिंग्स करना पसंद करते हैं। बहुत बार पेंटिंग करते हुए उनकी तस्वीरें या वीडियो भी आये हैं। उनके बारे में यह भी कहा जाता है कि सलमान ख़ान के पनवेल बंगले में उनकी बनाई कई पेटिंग्स हैं, अन्य कलाकृतियां हैं। फिल्मों की तरह उनकी पेंटिंग्स का भी जबरदस्त फैन बेस है। उनकी पेटिंग कई बार लाखों के दाम पाती है। राशि जो भी मिले, वह सब उनके एनजीओ “बीइंग ह्यूमन” के फंड में सहायता कार्यक्रमों के लिये दे दी जाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास