|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
जेद्दा (सऊदी अरब) से अजित राय की विशेष रिपोर्ट। ‘सिनेमा में हिट होने का पहले से तय कोई फॉर्मूला नहीं होता। यहां हम किसी ‘एक्स फैक्टर’ की उम्मीद नहीं कर सकते जो आपको सफलता दिला दे’। तीसरे रेड सी इंटरनेशन फ़िल्म फेस्टिवल (Red Sea International Film Festival 2023) में यह बात कैटरीना कैफ़ (KATRINA KAIF) ने कही।दर्शकों के साथ संवाद कार्यक्रम में उन्होंने हाल ही में रिलीज़ फ़िल्म ‘टाइगर 3’ से लेकर आने वाली फ़िल्म ‘मैरी क्रिसमस’ के बारे में अपने विचार व्यक्ति किये। साथ ही रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और सऊदी अरब के लोगों के अपनेपन की प्रशंसा की।
कहना मुश्किल क्या चलेगा, क्या नहीं: कैटरीना ने कहा- ‘आप पहले से तय नहीं कर सकते कि यह रोल हिट होगा या यह स्क्रिप्ट चल जाएगी। हम अक्सर अपने इंस्टिंक्ट के आधार पर रोल और स्क्रिप्ट का चुनाव करते हैं। फिल्म तो डायरेक्टर बनाता है। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे यश चोपड़ा, कबीर खान, रोहित शेट्टी, श्रीराम राघवन जैसे जीनियस डायरेक्टर मिले।
शाहरुख खान ने हमेशा सपोर्ट किया: कैटरीना ने यश चौपड़ा को याद करते हुए कहा – ‘जब यश चोपड़ा जी ने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जब तक है जान’ में लिया तो मेरी खुशी का ठिकाना न रहा। दुर्भाग्यवश यह उनकी आख़िरी फिल्म थी। यह मेरे लिये दु:ख का विषय लिया। जहाँ तक शाहरुख खान की बात है, उन्होंने मुझे हमेशा सपोर्ट किया।
एक्शन सीन्स के लिये ली कठिन ट्रेनिंग: फिल्म ‘टाइगर 3’ के एक्शन दृश्यों की भी कैटरीना ने बात की। यह फ़िल्म हाल ही में रिलीज़ हुई है। उन्होंने बताया, इस फ़िल्म के एक्शन दृश्यों के लिए उन्हें दो महीने तक एक्सपर्ट्स से कठिन ट्रेनिंग लेनी पड़ी। उन्होंने बाथरूम में तौलिए वाले एक्शन सीन पर कहा -‘शुरू-शुरू में वह करना बहुत मुश्किल था, पर धीरे-धीरे अभ्यास हो गया’।
‘मैरी क्रिसमस’ एक थ्रिलर फ़िल्म: फ़िल्म ‘मैरी क्रिसमस’ के बारे में कैटरीना ने कहा-‘यह एक थ्रिलर फ़िल्म है जो हिंदी के साथ-साथ तमिल में बनी है। सबकुछ ठीक रहा तो यह फिल्म अगले साल 12 जनवरी 2024 को रिलीज होगी। उन्होंने कहा -‘इस फ़िल्म के डायरेक्टर श्रीराम राघवन जीनियस है। उनके साथ काम करना मेरा एक बड़ा सपना था। इस फ़िल्म में मेरे साथ दक्षिण भारत के सुपरस्टार विजय सेतुपति है जो हमारे समय के बड़े अभिनेता हैं’। कैटरीना ने कहा कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि हर भाषा का अपना एक इमोशन होता है। भाषा बदलने पर इमोशन भी बदल जाता है।
‘ज़िदंगी ना मिले दोबारा’ का बने सिक्वल: कैटरीना क़ैफ़ ने कहा कि ‘न्यूयॉर्क’ (2009) उनकी पसंदीदा फिल्म है और उनकी ख्वाहिश है कि ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ का सिक्वल बने। यह फिल्म मेरे दिल के काफी करीब है। हम यह फ़िल्म की निर्देशक जोया अख्तर से यह बात बार-बार कह चुके हैं कि इस फिल्म का सिक्वल बनाओ।
सऊदी के लोगों में कमाल का अपनापन: कैटरीना क़ैफ़ ने सऊदी अरब और रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल की तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों में कमाल का अपनापन है। मैं अपनी कंपनी ‘के ब्यूटी’ (2019) का यहां पार्टनर तलाश रहीं हूं। मैं चाहती हूं कि मेरी सौंदर्य प्रसाधन कंपनी सऊदी अरब आए और हम अच्छा बिजनेस करें। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में नया-नया सिनेमा आया है। यहां के कलाकारों और फिल्मकारों से कहना चाहती हूं कि वे अपने उद्देश्य में स्पष्ट रहें। यहां के लोग जब अपनी कहानियों के साथ सिनेमा में आएंगे तो सारी दुनिया उन्हें देखेगी।
दर्शकों का प्यार सबसे बड़ा पुरस्कार: उन्होंने कहा कि दर्शकों का प्यार ही उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। दर्शकों ने हीं उन्हें गढ़ा है, रचा है, अच्छा काम करना सिखाया है। उन्होंने कहा कि जब लोग मेरी आलोचना करते हैं या हतोत्साहित करते हैं तो मुझे भी दुःख होता है क्योंकि मैं भी एक इंसान हूं। पर मैं उनकी बातों को अनसुना कर देती हूं और दोगुने उत्साह से काम में लग जाती हूँ। एक समय था जब दक्षिण भारत के एक डांस डायरेक्टर ने मुझे रिजेक्ट कर दिया था, सैट पर कहा था कि मैं डांस कर ही नहीं सकती। बाद में सबने देखा कि मेरे आइटम डांस भी काफी हिट हुए। मेरी पहली ही फिल्म ‘बूम’ (2003) बुरी तरह फ्लॉप हो गई थी पर आज मेरे हिस्से में दर्जनों सुपरहिट फिल्में हैं।
परिवार का मज़बूत सपोर्ट सिस्टम: अपने परिवार के बारे में कैटरीना क़ैफ़ ने कहा कि हम 6 बहने है और मेरा परिवार इतना बड़ा है कि किसी दूसरे की हमें जरूरत नहीं पड़ती है। हमारे पास आपसी सपोर्ट सिस्टम बहुत मजबूत रहा है। मेरी मां ने हमें निर्भय होना सिखाया। मैं जब छोटी थी तभी मेरे माता-पिता में तलाक हो गया। मेरा जन्म (16 जुलाई 1983) ब्रिटिश हांगकांग में हुआ। मेरे पिता मोहम्मद क़ैफ़ एक कश्मीरी बिजनेस मैन और मां सुजैन टरकोट ब्रिटिश वकील और सोशल वर्कर है। पिता तलाक के बाद अमेरिका चले गए।
मां ने की हमारी परवरिश: मां ने ही हम सबको पाला, पोसा और बड़ा किया। हमारे परिवार ने लंदन आने के लिए लंबी यात्राएं की है। पहले हम लोग हांगकांग से चीन गए, फिर जापान, वहां से फ्रांस, स्विट्जरलैंड, हवाई, पोलैंड और बेल्जियम होते हुए लंदन आ सके। अपने पति विक्की कौशल के साथ अपने रिश्ते के बारे में कटरीना कैफ ने कहा कि ‘यह सच है कि हमारे दृष्टिकोण अलग-अलग है, पर हम हमेशा खुलकर बात करते हैं। आपस में संवाद करते रहते हैं। यह संवाद कभी बंद नहीं होना चाहिए’। (अजित राय प्रख्यात कला और फिल्म समीक्षक हैं। दुनिया के प्रमुख फिल्म उत्सवों की हिन्दी में रिपोर्ट्स के वे अग्रणी पत्रकार हैं।) आगे पढ़िये –

