सिने प्रतिनिधि,इंदौर स्टुडियो। ‘डेथ ऑन द नाइल’ (Death on the Nile)में अली फज़ल के किरदार का पहला पोस्टर जारी हो गया है। अली चचेरे भाई एंड्रयू कचडौरियन का किरदार निभाते नज़र आयेंगे, जो कहानी के मुताबिक एक सनसनीखेज़ हत्याकांड के संदिग्धों में से एक है। इसी नाम से वे अगाथा क्रिस्टी के बेस्ट सेलर पर आधारित अगली फिल्म में दिखाई देंगे। अली ने अपने कैरेक्टर का पहला पोस्टर सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसमें वे 30 के दशक की पुरानी हॉलीवुड फिल्मों के मूंछों वाले शख्सियत के लुक में दिख रहे हैं। फिल्म ‘डेथ ऑन द नाइल’ का निर्देशन अभिनेता और निर्देशक केनेथ ब्रानघ ने किया है। फिल्म में लोकप्रिय अभिनेत्री गैल गैडोट के साथ ही एमा मैके, सोफी ओकोनेडो, रोज लेस्ली, लेटिटा राइट, जेनिफर सॉन्डर्स, डॉन फ्रेंच जैसे सितारे काम कर रहे हैं। यह फिल्म 20th सेंचुरी फॉक्स द्वारा निर्मित है जो 11 फरवरी, 2022 को रिलीज होगी।

