इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। आकाशवाणी भोपाल के वरिष्ठ उदघोषक पद से सेवा निवृत्त, दुष्यंत कुमार संग्रहालय भोपाल के निदेशक और चर्चित साहित्यकार श्री राजुरकर राज का सीधी में सम्मान किया गया। सम्मान प्रगतिशील लेखक संघ एवं इन्द्रवती नाट्य समिति द्वारा स्थानीय बैजनाथ सभागार में हुआ। यह समारोह सीधी के जाने-माने चिकित्सक डॉ.अनूप मिश्रा के मुख्य आतिथ्य तथा प्रलेस अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ.अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुआ। राजुरकर राज जी को साहित्यकारों और रंगकर्मियों ने शॉल, श्रीफल एवं पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान उपरांत आयोजित संगीत कार्यक्रम मे कुं आकाँक्षा त्रिपाठी द्वारा स्वागत गीत और शोहर गीत की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद जिले के बाल कलाकार श्री सृजन मिश्र ने सरस्वती वंदना ,शास्त्रीय गायन व लोकगीत की शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में डॉ.अनूप मिश्र ने कहा कि राज जी के कार्यों पर कई लेख और कई पुस्तकें लिखी जा चुकी हैं, ऐसे महान व्यक्तित्व के लिए कुछ भी कहना सूरज को दिया दिखाने जैसा है। प्रलेस अध्यक्ष डॉ. अनिल सिंह ने कहा कि राज जी की शिक्षा सीधी में हुई हैस इसलिए आप सीधी की ही धरोहर माने जाएंगे।
बाद में श्री राजुरकर ने अपने उदबोधन में कहा- ‘सीधी के रंगमंच, साहित्य के सम्बंध में जानकर हैरानी हो रही है कि सीधी में इतना अच्छा काम हो रहा है। इसका पूरे देश के लिए एक अच्छा संदेश जाएगा। डॉ. अनूप मिश्र जैसे कला संरक्षकों की पूरे देश भर में जरूरत है। यहां इंद्रवती नाट्य समिति के नीरज कुंदेर और रोशनी प्रसाद मिश्र एवं उनके साथियों ने सराहनीय कार्य किया है। जिले के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ शिवशंकर मिश्र सरस ने कहा कि राजुरकर जी के साथ हमारी बहुत यादें जुड़ी हुई हैं जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। हम लोगों ने जो साहित्य का पौधा रोपा था, आज वह सम्पूर्ण वृक्ष का रूप धारण कर लिया है, हम आभारी हैं राजुरकर जी ने सीधी को अब तक भुलाया नहीं है। आशा है सीधी के लिए वे कुछ अच्छा प्रयास करेंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवशंकर मिश्र ने किया। कार्यक्रम में एस.के.गुप्ता प्राचार्य, अशोक अकेला,विनय मिश्र प्रांजल, बृजेश सिंह सरल,रामराज यादव विकल्प,अतुल उपाध्याय पटवारी,आकांक्षा त्रिपाठी, सुधीर शुक्ला,नीरज कुंदेर, रोशनी प्रसाद मिश्र, श्रवण मिश्र, रजनीश जायसवाल, प्रजीत साकेत, शिवनारायण कुंदेर, सृजन मिश्र, विकास मिश्र सहित कई साहित्यकार और कलाकार उपस्थित थे।

