इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। गाँधी जयंती के अवसर पर आज रायपुर में अभिनट फिल्म एवं नाट्य फाउंडेशन के युवा कलाकार शहर में जगह-जगह नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन करेंगे। नाटक संस्कृति विभाग में पनप रही संस्कृति कर्मियों को अपमानित करने की प्रवृत्ति के विरोध में होगा। नाटक का नाम है- ‘संस्कृति विभाग तुम्हारे बाप का नहीं’।अभिनट के निर्देशक योग मिश्र के मुताबिक,इस नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कल भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग के ज़िम्मेदार अफ़सर के दुर्व्यवहार के खिलाफ़ नगर के कलाकारों में भारी रोष है। यही वजह है कलाकार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी कला के ज़रिये विरोध जता रहे हैं। उन्होंने कहा, कलाकारों के हित में की जा रही सभी घोषणाओं का संस्कृति कर्मी स्वागत करते हैं लेकिन संस्कृति कर्मियों को अपमानित करने की प्रवृत्ति का हम छत्तीसगढ़ के समस्त संस्कृति कर्मी विरोध करते हैं। नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कार्यक्रम इस प्रकार रखा गया है। 2 अक्टूबर, 12 बजे दोपहर धरना स्थल बुढ़ातलाब के पास, 2 बजे नगर निगम के सामने गार्डन मे, 3 बजे गाँधी चौक में, 4 बजे कचहरी गार्डन में 4ः30 बजे गाँधी उद्यान में, 5 बजे तेलीबाँधा चौपाटी मोर रायपुर के पास, 6 बजे जलविहार के बगीचे में किया जायेगा। इसी तरह 3 अक्टूबर को 12 बजे प्रेस क्लब मोती बाग के बाहर, 1 बजे मोतीबाग में, 2 बजे जय स्तम्भ के पास, 3 बजे गाँधी चौक, 4 व 5 बजे सप्रे स्कूल बूढ़ा तलाब चौपाटी में किया जाएगा।

