पुष्पेंद्र वैद्य, द टेलिप्रिंटर। बचपन में महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) कैसे थे ? भाई-बहन, दोस्तों के साथ उनका रिश्ता कैसा था ? उन्होंने मां से क्या सीखा, पिता से क्या पाया ? स्कूल में उनके दिन कैसे गुज़रे ? नाटक- ‘मोनिया दि ग्रेट’ में इन्हीं दिलचस्प प्रसंगों को बेहद दिलचस्प तरीके से प्रस्तुत किया गया है। अब इस नाटक की किताब भी प्रकाशित हो गई है। 2 अक्टूबर को इंदौर में इस नाटक का विमोचन शहर के रंगकर्मियों ने सूत्रधार संस्था के बैनर पर किया है। इस नाटक का लेखन सीनियर टीवी जर्नलिस्ट और लेखक शकील अख़्तर (Shakeel Akhter ) ने किया है। उनका रंगकर्म से गहरा नाता रहा है। शकील बताते हैं, महात्मा गांधी की 150 वीं जयंति वर्ष में उन्होंने यह नाटक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, दिल्ली ( National School Of Drama ) में बाल नाट्य शिविर के दौरान लिखा है। चूंकि महात्मा गांधी को बचपन में मोहन की जगह मोनिया कहकर बुलाते थे, इसलिये नाटक का नाम ‘मोनिया दि ग्रेट’ (Monia The Great ) पर ही रखा गया है।
एनएसडी के चिल्ड्रन थिएटर वर्कशाप में लिखा नाटक : शकील अख़्तर ने ‘मोनिया दि ग्रेट’ नाटक एनएसडी के चिल्ड्रन थिएटर वर्कशॉप में बच्चों के साथ मिलकर ही लिखा है। नाटक दो शोज़ एनएसडी में हो चुके हैं। इसका निर्देशन सीनियर थिएटर डायरेक्टर हफीज़ खान ने किया है। देश के कई रंगमंच निर्देशकों और स्कूलों ने उनके इस काम की सराहना की है। यहां यह बताना ज़रूरी है कि महात्मा गांधी के दक्षिण आफ्रीका से देश में लौटने और उसके बाद देश में आज़ादी की बागडोर संभालने से लेकर उनकी हत्या तक बहुत सा काम हुआ है। कई नाटक लिखे गये, साहित्य रचा गया, डॉक्युमेंट्री और फिल्में बनी लेकिन उनके बचपन पर बहुत कम काम हुआ है। परंतु यह पहला ऐसा नाटक है जो गांधी जी के बचपन पर उनकी आत्मकथा अथवा सत्य के प्रयोग और गांधी स्मृति दर्शन से प्राप्त शोध सामग्री के आधार पर लिखा गया है।स्कूली बच्चों के लिये एक ज़रूरी नाटक : शकील अख़्तर बताते हैं – ‘एनएसडी के चिल्ड्रन थिएटर वर्कशॉप में जब मैंने गांधी जी पर काम करना शुरू किया तब महसूस हुआ कि ज़्यादातर बच्चे गांधी के बचपन के बारे में नहीं जानते हैं। बचपन में वे कैसे थे, उनका परिवार कैसा था। भाई-बहन के साथ उनका कैसा रिश्ता था। उन्होंने मां से क्या सीखा, पिता से क्या पाया ? किन स्कूलों में वो पढ़े और उनके दोस्ती कैसी थी? इन्हीं सब बातों पर मैंने अध्ययन और शोध का विषय बनाया। महात्मा गांधी की आत्मकथा के साथ ही मुझे इसमें गांधी दर्शन समिति, राजघाट से मिली पुस्तकों और वहां की लायब्रेरी से मिली संदर्भ पुस्तकों का लाभ मिला। इसके साथ ही गांधी के बचपन को लेकर और भी जो साहित्य उपलब्ध हो सका, उसने मुझे नाटक की पूरी कहानी और दृश्यों को लिखने में मदद की।’ शकील बताते हैं, यह ड्रामा बुक बच्चों को बताती है कि गांधी की आज भी ज़रूरत है। गांधी की हत्या से उनके दैहिक जीवन का ही अंत हुआ है। मगर जब तक उनके विचार ज़िंदा है। गांधी जिंदा हैं।’ उन्होंने कहा, थिएटर एक ऐसा माध्यम है जिसके ज़रिये बच्चों को हंसते-खेलते शिक्षित, संस्कारित किया जा सकता है। आज इसकी बहुत ज़रूरत है।दिल्ली एनएसडी में शकील अख़्तर बच्चों के साथ मोबाइल और ऑन लाइन गेमिंग जैसे सबजेक्ट पर भी काम कर चुके हैं। इसके शोज़ ‘ब्लू व्हेल: एक खतरनाक खेल’ नाम से एनएसडी में हो चुके हैं। इसमें भी दिल्ली-एनसीआर के करीब 30 बच्चे काम कर चुके हैं। ‘मोनिया दि ग्रेट’ के साथ ही उनकी इस किताब का किंडल वर्शन भी -‘किलर गेम’ नाम से एमेजॉन पर उपलब्ध हैं। शकील ने बताया, वे बच्चों के सेलेबस के मुताबिक, शेक्सपियर के ट्रैजिडी प्लेज़ को लेकर भी एक ड्रामा बुक पर काम कर चुके हैं। यह बुक भी जल्द डिजिटल वर्शन के साथ प्रकाशित होगी। आपको बता दें, शकील अख़्तर अब तक चार नाटकों का लेखन कर चुके हैं। ‘ ये फिल्म है ज़रा हटके, उनका लिखा एक हास्य नाटक है। इसके अब तक 15 शोज़ हो चुके हैं। उन्होंने 20 से अधिक नाटकों,डाक्युमेंट्री और फिल्मों में काम किया हैं। डॉ.राहत इंदौरी की प्रेरणा से उनका कविता संग्रह- ‘दिल ही तो है’, स्टोरी मिरर से पब्लिश हो चुका है। यह किताब भी किंडल पर उपलब्ध है।’ वे इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम के माध्यम से अक्सर देश के कलाकारों के बारे में लिखते रहते हैं। इस वेबसाइट की संस्थापना उन्होंने ही की है।