
विशेष संवाददाता, इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। पुरस्कारों की घोषणा, क्लोज़िंग फिल्म ‘मार्घे एंड हर मदर’ के प्रदर्शन और गायक हरिहरन और लेसली लुइस के संगीत के साथ पणजी में 50 वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह ( IFFI 2019 ) का समापन हो गया। इस गोल्डन जुबली समारोह में इस बार स्वर्ण मयूर पुरस्कार फिल्म ‘पार्टिकल्स’ को और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार लिजो जोस पेलिसरी को उनकी निर्देशित फिल्म ‘जल्लीकट्टू’ के लिये दिया गया।



सेउ जॉर्ज और ऊषा जाधव बेस्ट एक्टर: बेस्ट एक्टर मेल का प्रतिष्ठित सम्मान फिल्म- ‘मैरिगेला’ ( ब्राज़ील ) में अभिनय के लिये सेउ जॉर्ज को मिला है। इसी तरह मराठी अभिनेत्री उषा जाधव को फिल्म ‘माई घाट : क्राइम नंबर 103/2005’ ( मराठी) में जबरदस्त अभिनय के लिये मिला। इस बार बेस्ट डेब्यू फिल्म का पुरस्कार निर्देशक अमीन सिदि बोमिदियन को फिल्म-‘अबू लैला’ ( अल्जीरिया, अरबी) के लिये और निर्देशक मैरियस ओल्टेनू को फिल्म – ‘मॉन्स्टर्स’ ( रोमानिया,रोमानियन) के लिये दिया गया । जबकि स्पेशल ज्यूरी गोल्डन पिकॉक अवॉर्ड पेमा सेदेन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बलून’ ( चीन ) को मिला। स्पेशल मेंशन अवॉर्ड निर्देशक अभिषेक शाह की फिल्म ‘हेल्लारो’ ( गुजराती )के नाम रहा। वहीं फिल्म – ‘रवांडा’ ( इटली) को ICFT/ UNESCO अवार्ड दिया गया है। फिल्म-‘72 हूरें’ (भारत) को भी ICFT/ UNESCO का स्पेशल मेंशन अवार्ड दिया गया।

सिनेमा में विशेष योगदान के लिये अवार्ड : समापन समारोह में सिनेमा के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान के लिए संगीतकार इलैयाराजा, अभिनेता प्रेम चोपड़ा, अभिनेता अरविन्द स्वामी, कथक के गुरू पंडित बिरजू महाराज, पवन कुमार, और असमी फिल्मकार मंजू बोराह को लेजंड ऑफ इंडियन सिनेमा के विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। बिरजू महाराज इस आयोजन में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने अपनी शुभकामनाएं भेजीं और विशेष सम्मान के लिए सबका शुक्रिया अदा किया। समारोह में बाबुल सुप्रियो ने इलैयाराजा के संगीतबद्ध गीत ‘ऐ जिंदगी गले लगा ले’ गाकर सबका दिल जीत लिया। समारोह में रमेश सिप्पी, राहुल रवैल, रोहित शेट्टी, रवि किशन, आदित्य धर, रूपा गांगुली जैसे फिल्मी हस्तियां मौजूद थीं। समापन समारोह की मेजबानी कुणाल कपूर और सोनाली कुलकर्णी ने की।

राज्यपाल ने फिल्म निर्माताओं से की अपील : कार्यक्रम को गोवा के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री बाबुल सुप्रियो, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद जाधव, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे, गोवा राज्य सरकार के मुख्य सचिव परिमल राय. इंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के सीईओ अमति सतिजा समेत फेस्टिवल के डायरेक्टर चैतन्य प्रसाद ने सम्बोधित किया। अपने भाषण में गोवा के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने फिल्ममेकर्स से उन अमीरों के खिलाफ़ फिल्में बनाकर प्रहार करने की अपील की जो एजुकेशन, जवानों या किसानों के लिये एक पैसे की भी चैरिटी नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, ‘फिल्मों का समाज पर जबरदस्त प्रभाव पड़ता है, फिल्मकारों को ऐसे अमीरों के खिलाफ फिल्में बनाकर उनपर प्रहार करना चाहिये। उन्हें किसानों और जवानों के संघर्ष को दिखाना चाहिये।‘ समापन समारोह को मुख्य मंत्री प्रमोद सावंत के साथ ही केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो ने भी संबोंधित किया। कार्यक्रम में कई अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और गणमान्य हस्तियां मौजूद थीं।

गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री को दी गई श्रद्धांजलि : एशिया के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल का 20 नवंबर को शुभारंभ हुआ था। समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर,केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो के साथ ही अमिताभ बच्चन, रजनीकांत,प्रियदर्शन और प्रसून जोशी शामिल हुए। रजनीकांत को आईकॉन ऑफ दि गोल्डन जुबली अवार्ड से सम्मानित किया गया। अमिताभ बच्चन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। समारोह में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को विनम्र श्रद्धाजंलि दी गई। उनपर केंद्रित एक फिल्म भी दिखाई गई। शुरुआत में संगीतकार शंकर महादेवन और उनके साथियों गणेश वंदना समेत अपने संगीत का कार्यक्रम पेश किया। इस बार महोत्सव के केंद्र में रूस को रखा गया था। इस पर मारिया मरिया लेमशेवा ने रूस को फॉक्स कंट्री बनाने का शुक्रिया अदा किया। समारोह में विख्यात फ्रेंच अभिनेत्री इजाबेल हप्पर्ट को लाइफटाइम एचिवमेंट अवार्ड दिया गया। समारोह पणजी के एक दर्जन से अधिक स्थानों पर कई कार्यक्रमों के साथ आयोजित हुआ। इस दौरान 76 देशों की 190 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। महोत्सव में बॉलिवुड के कई दिग्गजों ने मास्टर क्लास के जरिए अपने अनुभव साझा किए। अनिल कपूर, कपूर, फराह खान, रोहित शेट्टी, रकुल प्रीत सिंह, तापसी पन्नू, मेघना गुलजार, अमिताभ बच्चन, प्रियदर्शन, इलैयाराजा, रजनीकांत, इम्तियाज अली, नित्या मेनन, राहुल रवैल, प्रसनजीत चटर्जी, डॉली अहलूवालिया, मंजू बोराह, आदित्य धर जैसे फिल्मी हस्तियां अलग-अलग मंचों से फिल्म प्रेमियों से रूबरू हुए।

