ग्वालियर,28 अप्रैल ( अजय जैन/ हृदय खत्री )। शहर में वनमाला देवी स्मृति नाट्य समारोह 4 मई से शुरू हो रहा है। तीन दिन चलने वाले इस समारोह में टीवी,फिल्म अभिनेता और शहर के सीनियर थिएटर आर्टिस्ट अरूण काटे निर्देशित तीन कॉमेडी नाटकों का मंचन होगा। यह पहला मौका भी है जब नाटकों के फिल्मों की तरह टीज़र और गीत जारी किये गये है। नाटक का ब्रोशर और टिकिट्स भी दर्शकों तक पहुंचना शुरू हो गये हैं। अच्छी बात यह है कि इन नाटकों को देखने के लिये दर्शकों ने जबरदस्त रूचि दिखाई है। इस नाट्य समारोह से ही शहर में ग्रीष्म कालीन कला गतिविधियों की बड़ी शुरूआत भी हो रही है।

तीन दिन चलने वाले इस नाटक में 35 से ज़्यादा कलाकार भाग ले रहे हैं। बड़ी बात ये है कि इनमें से बहुत से ऐसे कलाकार भी हैं, जो पहली बार मंच पर आ रहे हैं। अरूण काटे ने उन्हें इन तीन महीनों तक रंगकर्म का प्रशिक्षण भी दिया है। साथ ही तीन कॉमेडी नाटकों को मंचन के लिये तैयार किया है।अरूण काटे के मुताबिक, ग्वालियर में तीन महीने तक लगातार नये कलाकारों के साथ काम करना उनके लिये सुखद अनुभव रहा है। इस बहाने शहर में रंगकर्म की फिजां बदलेगी। ग्वालियर की रंग परंपरा को नये कलाकार आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी कलाकारों ने बेहद समर्पित होकर तीनों ही नाटकों को तैयार किया है। इतने कलाकारों के साथ काम करना बेहद चुनौतीपूर्ण ज़रूर था।। मगर कलाकारों के जोश ने उनके काम को आसान बना दिया।

उन्होंने प्रतीक विचारे,शुभम शुक्ला,ऋतुराज चौहान,हृदय खत्री,अश्विनी भार्गव,पूजा सोनी, शिवांशी नामदेव,आशीष मिश्रा जैसे कलाकारों का ज़िक्र किया। साथ ही कहा, ‘सिर्फ अभिनय के लिये ही नहीं बैक स्टेज और नाटक के प्रॉडक्शन में भी कलाकार बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। सभी अपने-अपने स्तर पर शोज़ को दर्शकों के लिये जबरदस्त बनाने के प्रयास में जुटे हैं। अरूण ने बताया, ग्वालियर में इस तरह का आयोजन करना आसान नहीं है। मगर उन्हें राज्य के संस्कृति विभाग के साथ ही शहर के कई प्रमुख साथियों और कलाकर्मियों का समर्पित सहयोग मिल रहा है।
( इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम https://indorestudio.com/ कलाकारों और कला गतिविधियों की वीडियो वेबसाइट है। इस वेबसाइट पर आप अपनी कला गतिविधियों के वीडियो ,सूचनाएं ,खबरें हमें indorestudio@gmail.com पर ई मेल कर सकते हैं। अपने शहर,कस्बे,गांव से जुड़े कलाकारों और कला आयोजनों की जानकारियां, वीडियो, उपलब्धि हमसे शेयर कर सकते हैं। हमसे जुड़ने के लिये अपने सुझाव भेज सकते हैं। – टीम इंदौर स्टुडियो। )

