Wednesday, November 18, 2026
Homeकला खबरेंग्वालियर में नाटक 'रांग नंबर' के प्रीमियर शो को स्टैंडिंग ओवेशन

ग्वालियर में नाटक ‘रांग नंबर’ के प्रीमियर शो को स्टैंडिंग ओवेशन

प्रमोद पत्की, इंदौर स्टूडियो। ग्वालियर में अनुकृति रंगमंडल, कानपुर के प्रीमियर शो ‘रांग नंबर’ की दर्शकों ने सराहना की है। शो के बाद नाट्य प्रेमियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और कलाकारों का अभिनंदन किया। ‘रांग नंबर’ का मंचन आर्टिस्ट कंबाइन के तीन दिवसीय ग्रीष्म कालीन नाट्य समारोह में हुआ। इस समारोह में ‘अनुकृति’ के कलाकारों ने दो नाटक प्रस्तुत किये। उन्होंने अपने बहुप्रशंसित नाटक ‘टेररिस्ट की प्रेमिका’ का प्रर्दशन भी किया। इस नाटक के देश भर में अब तक 9 शोज़ हो चुके हैं और यह सिलसिला जारी है। ‘आर्टिस्ट कंबाइन’ के सभागार में समारोह: नाट्य समारोह 5 से 7 जुलाई 2024 स्थानीय दाल बाज़ार स्थित आर्टिस्ट कंबाइन के 75 साल पुराने सभागार में हुआ। समारोह के पहले दिन जरिया नियो स्कूल, दिल्ली के कलाकारों ने नाटक ‘आषाढ़ का एक दिन’ का मंचन किया। मोहन राकेश लिखित इस नाटक का अक्षय शर्मा ने निर्देशन किया।’अनुकृति’ के दोनों नाटकों का लेखन पाली भूपिंदर सिंह ने किया है। उन्हें हाल ही में संगीत नाटक अकादमी द्वारा सम्मानित भी किया गया है। उनके नाटकों का निर्देशन वरिष्ठ रंग निर्देशक डॉ.ओमेन्द्र कुमार ने किया है। डॉ.ओमेन्द्र ‘अनुकृति रंगमंडल’ के प्रमुख भी हैं। वे नये-नये प्रयोगों के साथ अपने रंगमंडल का प्रबंधन और संचालन कर रहे हैं।पत्नी पर शक करने वाले पति की कहानी: नाटक ‘रांग नंबर’  मानव और सत्या की कहानी है। व्हील चेयर पर अपनी जिंदगी गुजार रहे मानव (दीपक राज राही) के दोनों पैर एक कार एक्सीडेंट में बेकार हो चुके हैं। पत्नी सत्या (दीपिका सिंह) उसका बहुत ख्याल रखती है लेकिन मानव उसपर शक करता है। उसे लगता है कि पत्नी सत्या का, उसके दोस्त संभव के साथ अफेयर चल रहा है। जब ‘रांग नंबर’ से आता है कॉल: इस बीच मानव के पास एक कॉल आती है, जो एक रॉग नंबर है। कॉल करने वाली एक खूबसूरत महिला कल्पना (संध्या सिंह) है। कल्पना एक बूढ़े अमीर की पत्नी है। वह अपने नीरस जीवन में खुशियों के कुछ पल तलाश रही है। वह एक काल्पनिक प्रेमी आकाश का नंबर डायल करती है मगर कॉल मानव को लग जाती है। कॉल आने पर मानव से उसकी तमाम बातें होती हैं। मानव उसे अपनी पत्नी की बेवफाई के बारे में बताता है। तब कल्पना कहती है कि बेवजह पत्नी पर शक करना ठीक नहीं है। वह यह भी कहती है कि ‘ख़ूबसूरत किसी की मुस्कुराहट नहीं होती, ख़ूबसूरत वो नज़र होती है, जिससे कोई किसी को मुस्कुराते हुए देखता है’। ‘बर्थ डे’ केक पर शक का ज़हर: मानव कल्पना को बताता है कि आज उसका बर्थ डे है, सत्या ने केक मंगवाया है और मैंने केक पर ज़हर मंगाकर उसपर छिड़क दिया है। आख़िर केक काटने की घड़ी आ जाती है। सवाल ये है कि तब होता क्या है ? क्या कल्पना की बातों का मानव पर असर पड़ा है या शक्की पति का पत्नी से भरोसा ही उठ गया है ? यही इस नाटक का मर्मस्पर्शी अंत है।
नाटक में कलाकारों का भावप्रवण अभिनय: ‘रांग नंबर’ में कलाकारों ने परिपक्व अभिनय किया है। नाटक में संगीत विजय भास्कर और प्रकाश परिकल्पना कृष्णा सक्सेना की थी। नाटक के समापन पर आर्टिस्ट कंबाइन की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा भागवत और सचिव रवि आफले ने कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने अनुकृति, कानपुर के कलाकारों की प्रशंसा की।‘टेररिस्ट की प्रेमिका’ एक संस्पेंस थ्रिलर: ‘टेररिस्ट की प्रेमिका’ एक संस्पेंस थ्रिलर है। नाटक एक पुलिस अफसर, उसकी पत्नी और एक टेररिस्ट की कहानी है। नाटक की नायिका अनीत (संध्या सिंह) का विवाह पुलिस अफसर देवराज (विजयभान सिंह) से होता है। मगर एक दिन पुलिस अफ़सर की गैर मौजूदगी में एक अजनबी (दीपक राज राही) घर पर धमकता है। वह अनीत को बताता है कि मैं एक टेररिस्ट हूं और देव से एक पुराना बदला लेने के लिए आया हूं। पुलिस अफ़सर या बेरहम क़ातिल: टेररिस्ट अनीत को बताता है कि उसके अफसर पति की यातनाओं से ना सिर्फ उसकी प्रेमिका नीलू की जान गई है बल्कि प्रमोशन और दस लाख रूपये के लालच में उसने उसकी जगह पांच बहनों के भाई और एक विधवा के बेटे को मार डाला है। अनीत, टेररिस्ट की बात सुनकर अपने पति की जान बख्शने की मिन्नतें करती है। इसके बाद टेररिस्ट देव से अपना बदला लिये बिना ही चला जाता है।इंसाफ़ के लिये अनीत के हाथ में पिस्तौल: मगर कहानी में फिर एक ऐसा मोड़ आता है कि अनीत को अपने हाथ में पिस्तौल उठाने को मजबूर हो जाना पड़ता है। अनीत पिस्तौल उठाकर आख़िर किसके हक़ में इंसाफ़ करती है। यही इस नाटक का थ्रिल से भरा अंत है।नाटक में कलाकारों का बढ़िया अभिनय: नाटक में अनीत के किरदार में संध्या सिंह ने बेहतरीन अभिनय किया है। इसी तरह दीपक राही और विजयभान सिंह अपने-अपने किरदारों में प्रभावशाली अभिनय करते हैं। नाटक में पंजाबी गीतों का उपयोग किया गया है। संगीत विजय भास्कर, प्रकाश संचालन कृष्णा सक्सेना का था। आगे पढ़िये – ठेके पर मुशायरा देखते वक्त दर्शक जमकर ठहाके लगाते रहे https://indorestudio.com/theke-par-mushaira/ ‘

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास