मुंबई,9 जून (इंदौर स्टुडियो)। इंदौर के रंगकर्मी और लेखक मुकेश नेमा के लिखे नाटक “हारूस मारुस ” (a story about two talking mice) को मुंबई में सर्वश्रेष्ठ नाटक के रूप में चुना गया है। बीइंग एसोसिएशन की ओर से संहिता मंच के एक पैनल के निर्णायकों ने यह चयन किया है। निर्णायकों ने मुकेश नेमा के नाटकों समेत कुल तीन नाटकों को चुना गया है। अच्छी बात यह है कि चुने गये नाटकों का मुंबई और दिल्ली में मंचन भी होगा । साथ ही नाटकों को पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जायेगा।
मेरे लिये एक बड़ी खबर : मुकेश नेमा
इस घोषणा पर मुकेश नेमा ने इंदौर स्टुडियो को दी अपनी प्रतिक्रिया में कहा, ‘ मेरे लिये यह बड़ी खबर है, पूरे देश से आये नाटकों में से मेरे नाटक को चुना गया है।‘ उन्होंने बीइंस एसोसियेशन के प्रति आभार जताते हुए कहा, ‘इस तरह के आयोजन हम जैसे लेखकों को ना सिर्फ़ एक राष्ट्रीय स्तर का मंच देते है बल्कि हमारे काम को लोग देखें, सराहे, उसको पहचान मिले, इस बात का भी ध्यान रखते है। निश्चित ही इस तरह की पहचान जब आपको मिलती है तो आप ख़ुद आगे नए नाटक लिखने के लिए प्रेरित होते हैं।‘
नये हिंदी नाटकों के लिये प्रयास
आपको बता दें, हिंदी नाटकों की कमी को देखते हुए बीइंग असोसिएशन द्वारा नए नाटकों की खोज के मकसद से हर साल एक नाट्य लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस प्रतियोगिता में बाल नाटक , रूपांतरित नाटक , अनुवादित नाटक और मौलिक नाटक की श्रेणियाँ होती है। मौलिक नाटक की श्रेणी में प्रतियोगिता में आए सभी नाटकों में से तीन नाटकों को (निर्णायकों की एक पेनल द्वारा) सर्वश्रेष्ठ नाटक घोषित किया जाता है । चयनित तीनों नाटकों का निर्देशन और मंचन देश के तीन शहरों में किया जाता है। इ साल चयनित नाटकों का मंचन अगस्त और दिसम्बर के महीनों में मुंबई और दिल्ली में होगा।

