इंदौर स्टूडियो डॉट कॉम। भारत रत्न लता मंगेशकर के जन्मदिवस 28 सितम्बर को इंदौर में दो विशिष्ट आयोजन होने जा रहे हैं। एक कार्यक्रम पहले की तरह 26 सितंबर को अभिनव कला समाज,गांधी हॉल में होगा। परंतु 28 सितंबर को होने वाला अभिनव कला समाज का दूसरा कार्यक्रम अब जाल सभा में होगा। दोनों ही आयोजनों की ज़ोरदार तैयारियां जारी हैं। अपनी तरह के अलग दोनों कार्यक्रमों को लेकर शहर के कलाकारों और संगीत रसिकों में उत्साह है।
26 जनवरी को ‘लताशा सम्मान समारोह’ होगा। यह लताजी के साथ आशा भोंसले के जन्मदिन को लेकर समर्पित है। कार्यक्रम सारेगम और अनहद नाद द्वारा अभिनव कला समाज,गांधी हॉल में आयोजित है। जबकि जाल सभागृह में 28 सितंबर के दिन ‘सुरों की क़ायनात लता मंगेशकर’ कार्यक्रम होगा। आयोजन की संकल्पना शहर के संगीत समीक्षक विवेक गावड़े और संस्था रागरंग की है। सुरों की क़ायनात कार्यक्रम में जहां लताजी के यादगार नगमों की शाम सजेगी। वहीं इस दिन उनके जीवन पर एक दुर्लभ चित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया है। चित्र प्रदर्शनी का संयोजक राजेश रीठे ने किया है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर होंगी। विशेष अतिथि के बतौर अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के नवनियुक्त निदेशक जयंत भिसे शामिल होंगे। कार्यक्रम में अभिनव कला समाज के प्रवीण खारीवाल और संदीप नावलेकर भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि भारतीय फिल्म संगीत की प्रतिनिधि आवाज़ लता जी का इंदौर में ही जन्म हुआ था। वे 28 सितंबर को 92 वर्ष पूर्ण करेंगी। ऐसे में इंदौर अपने शहर की इस महान गायिका के जन्म पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर बेहद उत्साहित है।
28 सितंबर की संगीत संध्या में लता जी के यादगार गीतों को सोनल दत्ता और सिमरजीत कौर मंच पर प्रस्तुत करेंगी। युगल गीतों में राजेन्द्र गलगले और आशीष जैन साथ निभाएंगे। कार्यक्रम में लेखक,समीक्षक डॉ. विवेक गावड़े संगीत मर्मज्ञ श्रीनिवास पुजारी के साथ लता जी के जीवन और संगीत सफ़र से जुड़े अनकहे,अनसुने किस्से सुनाएंगे। कार्यक्रम में संगीत संयोजन शहर के प्रतिभाशाली संगीत कलाकारों हर्षद शेवगांवकर, योगेश्वर कान्हेरे, अमोल कारखानिस,और आयुषी मकवाना का होगा।

