Wednesday, November 18, 2026
Homeकला खबरेंइंदौर में लोक और नाट्य संगीत के साथ शुरू हुआ ‘रंग अनुष्ठान’

इंदौर में लोक और नाट्य संगीत के साथ शुरू हुआ ‘रंग अनुष्ठान’

कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। इंदौर के अलाप स्टूडियो में 13 नवंबर से तीन दिवसीय ‘रंग अनुष्ठान’ उत्सव शुरू हुआ। पहले दिन का माहौल लोक और रंग संगीत से सराबोर रहा। दूसरे दिन 14 नवंबर को दो कहानियों का पाठ साहित्य प्रेमियों को संवेदनाओं से भर गया। 15 नवंबर यानी आज तीसरे और अंतिम दिन ‘विजय तेंदूलकर’ द्वारा लिखित और शिवा कुंदेर द्वारा निर्देशित नाटक ‘बेबी’ का मंचन किया होगा। नाटक सभी कला प्रेमियों के लिए नि:शुल्क है। ‘त्रिशा नाट्य एवं लोक कला साहित्य समिति’ द्वारा यह आयोजन संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया जा रहा है।वर्ण संगीत कार्यक्रम से हुआ शुभारंभ: उद्घाटन प्रस्तुति के रूप में त्रिशा नाट्य एवं लोक कला साहित्य समिति द्वारा वर्ण संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका संयोजन ‘अच्छिंजल, दिल्ली संस्था’ द्वारा किया गया था। इस आयोजन में पुष्पलता सांगड़े और उनकी टीम ने बघेली और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के साथ नाटक में प्रयोग किए गए गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में इंद्रवती नाट्य समिति का भी विशेष योगदान रहा।हबीब तनवीर और कबीर के गीतों ने बाँधा समां: वर्ण संगीत की प्रस्तुति में हबीब तनवीर के गीत ‘अईसन सुंदर नारी के बात’ ने रंग संगीत का समां बांधा। इसके साथ ही कबीर के गीत ‘मोती समंदरा’ और ‘मनना न रंगायो’ ने जीवन के गहरे मूल्यों का संदेश दिया। इस प्रस्तुति में एक विशेष गीत “बंजारा नमक लाया ऊंट गाड़ी में” भी शामिल था, जो नमक बेचने वाले समुदाय बंजारों पर आधारित था। इस गीत में पुराने समय का वह दृश्य जीवंत हो उठा जब गाँव के लोग नमक बेचने वालों का इंतजार करते थे, उनसे उधार लिया करते थे।दूसरे दिन हुआ दो कहानियों का भावनात्मक पाठ: ‘रंग अनुष्ठान’ नाट्य महोत्सव का दूसरा दिन साहित्य प्रेमियों के लिए गहरी संवेदनाओं से भरा रहा। 14 नवंबर 2024 की शाम को रवींद्रनाथ टैगोर की कहानी ‘पत्नी का पत्र’ और गीत चतुर्वेदी की कहानी ‘बहत्तर गुलाब’ का पाठ किया गया। यह पाठ दर्शकों को एक नई भावनात्मक यात्रा पर ले गया। पहली प्रस्तुति में ‘शम्पा मजूमदार’ द्वारा टैगोर की कालजयी रचना ‘पत्नी का पत्र’ का पाठ किया गया, जो पति-पत्नी के संबंधों में व्याप्त विषमता और नारी स्वतंत्रता पर गहरे संदेश देती है।एक शिक्षित बंगाली विवाहिता की कहानी: कहानी की नायिका मृणाल, एक बंगाली विवाहिता है, जो शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद गृहिणी की सीमाओं में बंधी हुई है। कहानी के नाट्य पाठ में मृणाल की भूमिका को ऐसे निभाया गया कि उसकी पीड़ा, कुंठा, और उसकी आत्मा की पुकार दर्शकों तक बखूबी पहुँच सकी। मृणाल के विद्रोह का यह पत्र, उसके आत्म-साक्षात्कार और स्वतंत्रता की ओर बढ़ने का प्रतीक बनकर उभरा। दर्शकों ने इस प्रस्तुति में मृणाल की आत्मा की पुकार को महसूस किया, जिसने उन्हें गहरी सोच में डुबो दिया। मासूम प्रेम और गहरी संवेदनाओं की कहानी: इसके बाद मंच पर आई गीत चतुर्वेदी की कहानी ‘बहत्तर गुलाब’। इसका नाट्य पाठ राजुल अग्रवाल ने किया। यह कहानी एक चौदह साल के लड़के और कैफे की मालिक रोज़ा आंटी के इर्द-गिर्द घूमती है। इस मासूम प्रेम और गहरी संवेदनाओं को जीवंत कर देने वाली रोजा आंटी की स्मृतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रोज़ा आंटी के जीवन के अधूरे प्रेम और उन यादों को देखना दर्शकों के लिए एक अनोखा अनुभव था। कहानी पाठ में उन जगहों का वर्णन, जो रोज़ा आंटी के प्रेम की गवाह रही थीं, दर्शकों को उनके जीवन के अनुभवों से जोड़ती चली गईं। इस कहानी के अंत में जब रोज़ा आंटी और वह लड़का एक मैयत में पहुंचे, जहाँ एक अप्रत्याशित घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। इस भावनात्मक चरम पर पहुँच कर ‘बहत्तर गुलाब’ की कहानी ने सभी के दिलों को गहराई से छू लिया। आगे पढ़िये – कविता,संगीत,चित्रकला के साथ कवि चंद्रकांत देवताले की याद – https://indorestudio.com/chandrakant-devtale-ki-yad/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास