कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। रंगमंच और कला जगत के लिए एक गौरवशाली क्षण में, जाने-माने रंगकर्मी, निर्देशक और शोधकर्ता ईवान खान को प्रतिष्ठित ‘DoshiWeKnow Fellowship 2026–28’ के लिए चुना गया है। अहमदाबाद स्थित सीईपीटी यूनिवर्सिटी (CEPT University) में आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें इस सम्मान से नवाज़ा गया। वास्तुकला, स्मृति, स्थान और प्रदर्शन कलाओं के बीच के गहरे रिश्तों को खंगालने वाले इस शोध प्रोजेक्ट के लिए उनका चयन कला और अकादमिक जगत में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।
ईवान खान का यह शोध प्रस्ताव मनुष्य के आसपास के निर्मित वातावरण और स्मृतियों के साथ उनके संबंधों की पड़ताल करता है। चयन समिति ने उनके इस प्रयास को विचारोत्तेजक और विशिष्ट करार देते हुए विश्वास जताया है कि यह फेलोशिप आर्किटेक्चर और परफॉर्मेंस के बीच एक नया संवाद स्थापित करेगी। अभिनय, निर्देशन और रंगमंच शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे ईवान का मानना है कि रंगमंच केवल मनोरंजन का नहीं, बल्कि समाज और परिवेश को गहराई से समझने का माध्यम है। इस फेलोशिप के मिलने से उन्हें अपने रचनात्मक अनुभवों को एक नए अकादमिक और शोधपरक आयाम तक ले जाने का अवसर मिलेगा। आगे पढ़िये – ‘अन्विति’ कहानी विशेषांक पर हिमांशु राय की रिपोर्ट। https://indorestudio.com/anviti-patrika-kahani-visheshank-rajendra-dani/

