Wednesday, November 18, 2026
Homeटॉप स्टोरीज़रंगमंच पर स्वरूप संपत की वापसी: अनुपम खेर के साथ 'जाने पहचाने...

रंगमंच पर स्वरूप संपत की वापसी: अनुपम खेर के साथ ‘जाने पहचाने अनजाने’

कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। करीब दो दशकों के लंबे अंतराल के बाद, रंगमंच की दुनिया में एक परिचित लेकिन नई ऊर्जा के साथ स्वरूप संपत ने वापसी की है। 12 अप्रैल को मुंबई के प्रतिष्ठित NCPA (नेशनल सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स) में शानदार प्रीमियर के बाद, अब उनका बहुचर्चित नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ 22, 23 और 24 मई को दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में प्रदर्शित हो रहा है। इस म्यूज़िकल कॉमेडी प्ले में वे रंगमंच और सिनेमा के दिग्गज अनुपम खेर के साथ नज़र आ रही हैं।कैसा रहा मुंबई NCPA का मंचन?
गजेंद्र अहिरे द्वारा लिखित और अनु मलिक के संगीत से सजा यह नाटक जीवन के मध्य पड़ाव, अकेलेपन और एक-दूसरे के साथ की अहमियत जैसे गंभीर विषयों को एक बेहद हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज़ में पेश करता है। मुंबई के NCPA में हुए इसके प्रीमियर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। नाटक की कहानी एक विधवा, एक विधुर, एक युवा पेइंग गेस्ट और अलगाव का सामना कर रही एक महिला के इर्द-गिर्द बुनी गई है। यह पहला मौका है जब संगीतकार अनु मलिक किसी नाटक के लिये संगीत दिया है।मुंबई के बाद दिल्ली के दर्शकों की निगाहें:
मुंबई में वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान दर्शकों और आलोचकों ने कलाकारों की टाइमिंग और केमिस्ट्री की सराहना की है। अब दिल्ली के दर्शकों की उनकी वापसी पर निगाहें टिक गई हैं। स्वरूप संपत खुद मानती हैं कि मंच पर अनुपम खेर की ऊर्जा अद्भुत है और दर्शक उनके अभिनय के पूरी तरह मुरीद हो जाते हैं। इस मंचन ने साबित कर दिया है कि उम्र के किसी भी पड़ाव पर बेहतरीन अभिनय और कसी हुई स्क्रिप्ट दर्शकों को सीट से बांधे रख सकती है।सिनेमा से लेकर रंगमंच तक अनुपम खेर:
अनुपम खेर की पहचान भले ही सैकड़ों सफल फिल्मों से हो, लेकिन नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के इस पूर्व छात्र का रंगमंच से रिश्ता कभी नहीं टूटा। सिनेमा में व्यस्त रहने के बावजूद, पिछले कुछ सालों में उन्होंने थिएटर को कई बेहतरीन और लगातार चलने वाले शोज़ दिए हैं।कुछ भी हो सकता है: यह अनुपम खेर का ऑटोबायोग्राफिकल सोलो प्ले (एकल नाटक) है। पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से यह नाटक दुनिया भर में हाउसफुल शोज़ कर रहा है, जिसमें वह अपने जीवन के संघर्षों और सफलता की कहानी को हास्य और व्यंग्य के साथ दर्शकों के सामने रखते हैं। मेरा वो मतलब नहीं था : राकेश बेदी निर्देशित इस नाटक में अनुपम खेर ने नीना गुप्ता के साथ काम किया था। यह नाटक भी परिपक्व रिश्तों, पुरानी यादों और बिछड़े प्रेमियों की कहानी को मंच पर जीवंत करता था। स्वरूप संपत– ये जो है ज़िदंगी से मिली प्रसिद्धि:
1984 के आइकॉनिक टीवी शो ‘ये जो है ज़िंदगी’ से घर-घर में मशहूर हुईं पूर्व मिस इंडिया (1979) स्वरूप संपत का रंगमंच से जुड़ाव बेहद बुनियादी और गहरा है। सिनेमा में ‘नरम गरम’, और हाल के वर्षों में ‘की एंड का’ (2016) व ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ (2019) जैसी फिल्मों में नज़र आने वाली संपत की जड़ें थिएटर में ही हैं। उनके पिता, बच्छू संपत, ‘इंडियन नेशनल थिएटर’ के मुख्य निर्माता थे। उनका बचपन दिग्गज अभिनेत्री सरिता जोशी को मंच पर रिहर्सल करते देखते हुए बीता। अभिनय से अकादमिक शोध तक की यात्रा:
अपने शुरुआती थिएटर करियर में स्वरूप संपत ने ‘कस्तूरी मृग’, ‘द लेसन’ और ‘टोखर’ (पीटर शेफ़र के प्रसिद्ध नाटक ‘इक्वस’ का गुजराती रूपांतरण) जैसे नाटकों में काम किया। इसी थिएटर के सफर में उनकी मुलाकात अपने जीवन साथी दिग्गज अभिनेता परेश रावल से हुई थी, जिनके साथ उन्होंने कई बार मंच भी साझा किया। पिछले दो दशकों में अभिनय से दूर रहने के बावजूद उनका सबसे बड़ा काम अकादमिक रहा है। उन्होंने यूके की वॉर्सेस्टर यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है। उनके डॉक्टोरल शोध का विषय था— ‘सीखने में अक्षम (लर्निंग डिसेबिलिटीज) बच्चों में जीवन कौशल विकसित करने में नाटक (ड्रामा) की भूमिका’।दिल्ली के बाद अमेरिका और कनाडा में: 
‘जाने पहचाने अनजाने’ के साथ स्वरूप संपत की मंच पर वापसी उनके उसी थिएटर प्रेम का विस्तार है। अपनी वापसी पर उनका कहना है कि इस उम्र में वह ख़ुद को साबित करने के दबाव से दूर, बिना किसी तनाव के मंच का आनंद लेना चाहती हैं। दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में मंचन के बाद, इस साल के अंत में यह नाटक अमेरिका और कनाडा के दौरे पर भी जाएगा। आगे पढ़िये – 28 साल से क्यों चल रहा है नाटक ‘ताजमहल का टेंडर’?  https://indorestudio.com/tajmahal-ka-tender-drama-nsd-review/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास