कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। जयपुर में 21 मई से बाल नाट्यरंग कार्यशाला ‘कॉलेज ऑफ किलकारी’ के 16वें संस्करण की शुरूआत होगी। इस बार इसके मुख्य कार्यक्रम में ख्यात टीवी और सिने अभिनेता अखिलेन्द्र मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। अखिलेंद्र ने वैसे तो टीवी और सिनेमा में बहुत से किरदार अभिनीत किये हैं, मगर आज भी उन्हें टीवी के सीरियल चंद्रकांता में अभिनीत उनके किरदार ‘क्रूर सिंह’ से जाना जाता है।
मुख्य कार्यक्रम 11 जून को होगा: कार्यशाला के संयोजक गगन मिश्रा के अनुसार- ‘ कार्यशाला का मुख्य कार्यक्रम 11 जून को होगा। इसमें अखिलेन्द्र जी बाल कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ उनका मनोबल बढ़ाएंगे। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे’।
4 केंद्रों पर आयोजित होगी कार्यशाला: गगन मिश्रा के अनुसार-‘यह नाट्य रंग कार्यशाला चार केंद्रों पर आयोजित होगी। ये केंद्र हैं – रवींद्र मंच, रामनिवास गार्डन, सेंट्रल अकादमी स्कूल, महावीर नगर, संस्कार स्कूल, सिरसी रोड, टैगोर पब्लिक स्कूल, अम्बाबाड़ी / विद्याधर नगर। उन्होंने कहा, ‘कोलाज ऑफ किलकारी के नाम की यह कार्यशाला बीते 15 सालों से निरंतर जारी है। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, राजस्थान ललित कला अकादमी और क्युरियो चिल्ड्रन्स थिएटर के साझा सहयोग से आयोजित हो रही है’। चारों केंद्रों पर भाग लेने वाले बाल कलाकारों की तैयार प्रस्तुतियां रवींद्र मंच,जयपुर में होगा।
प्रमुख हस्तियों ने जारी किया पोस्टर: इस बीच इस नाट्य कार्यशाला से जुड़े ‘किलकारी पोस्टर’ का जयपुर में प्रमुख हस्तियों के कर कमलों से जारी किये जाने का सिलसिला जारी है। जयुपर में बच्चों की इस कार्यशाला के किलकारी पोस्टर को अब तक प्रमुख रूप से राज्य मंत्री रमेश बोराणा, राजस्थान राज्य कला संस्कृति की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, ललित कला अकादमी के अध्यक्ष लक्ष्मण व्यास, बाल साहित्य अकादमी अध्यक्ष इकराम राजस्थानी, वरिष्ठ ललित कला गुरु सीएस मेहता, रवींद्र मंच सोसाइटी के प्रबंधक प्रियव्रत चारण ने जारी किया है। सभी ने बच्चों की इस विशिष्ट कार्यशाला के लिये अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
जयपुर के युवा कलाकारों ने दी शुभकामनाएं: इसके साथ ही विभिन्न कला विधाओं से जुड़े कलाकार भी इस पोस्टर प्रसारण अभियान का हिस्सा बने हैं। उन्होंने भी बच्चों के अभिनव प्रयास के लिये अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। बच्चों में भी एक बार फिर इस कार्यशाला से जुड़ने को लेकर बड़ा उत्साह है।
अखिलेन्द्र जी के साथ कई विशेषज्ञ आएंगे: गगन मिश्रा ने बताया- ‘कार्यशाला में 8 से 20 साल तक के बच्चे हिस्सा ले सकते हैं। कार्यशाला के दौरान रंगमंच के साथ विभिन्न विधाओं और विषयों के कोई 15 विशेषज्ञ बच्चों के बीच आएंगे। बच्चों के साथ रहकर वे अपने विषय विशेष के बारे में जानकारियां देंगे। उनसे उनके पूछे सवालों के जवाब देंगे।
इंजीनियर बनते-बनते बन गये एक्टर: अब बात अभिनेता अखिलेन्द्र मिश्रा की। बिहार के सीवान में जन्मे अखिलेन्द्र की शिक्षा छपरा में हुई। वे साइंस ग्रेजुएट हैं। शुरूआती दिनों में इंजीनियर बनना चाहते थे। मगर बचपन से ही नाटकों उनकी नाटकों में रूचि थी। इसलिये वे जन नाट्य संघ, इप्टा से जुड़े। फिर एकजुट थियेटर के साथ काम किया। अभिनय के गुर सीखे। टीवी की दुनिया में धारावाहिक ‘उड़ान’ से उनकी एंट्री हुई थी। मगर धारावाहिक ‘चंद्रकांता’ में क्रूर सिंह की भूमिका ने उन्हें ख़ासा चर्चित बना दिया। यह धारावाहिक 1994 में आया था। इसके साथ ही वे फ़िल्मी दुनिया में भी उनकी शुरूआत हुई। सुधीर मिश्रा की नेशनल फिल्म अवॉर्ड विजेता फ़िल्म धारावी उनकी पहली फ़िल्म रही। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने लगान,सरफरोश,दि लीजेंड ऑफ़ भगत सिंह, गंगाजल, फ़िदा, अपहरण जैसी फ़िल्मों में काम किया। महाभारत और रामायण जैसे टीवी धारावाहिकों में भी उन्होंने यादगार भूमिकाएं निभाईं।

