Saturday, May 9, 2026
Homeकला खबरें'खजुराहो नृत्य महोत्सव' की दुनिया में अलग पहचान- विष्णु दत्त शर्मा

‘खजुराहो नृत्य महोत्सव’ की दुनिया में अलग पहचान- विष्णु दत्त शर्मा

कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। ‘खजुराहो नृत्य महोत्सव ने देश के साथ पूरी दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। यह कला संस्कृति और आध्यात्म का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। अगले साल इसका पचासवाँ समारोह होगा। विश्वास है सभी की सहभागिता से वह अद्वितीय और अविस्मरणीय होगा’। 49 वें खजुराहो नृत्य महोत्सव  के शुभारंभ समारोह में यह बात मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कही। रूपंकर कला पुरस्कार किये गये भेंट: इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार एवं प्रदर्शनी 2023 के पुरस्कार भी वितरित किए। कार्यक्रम में कलेक्टर छतरपुर संदीप जी आर, संचालक संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के जबलपुर मंडल के अधीक्षक शिवकांत बाजपेयी और उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक जयंत माधव भिसे उपस्थित थे। जी 20 देशों के सांस्कृतिक समूह की बैठक: अपने उदबोधन में श्री शर्मा ने कहा- ‘इस बार के समारोह का भी विशेष महत्व है, क्योंकि यहां 22 फरवरी से जी 20 देशों के सांस्कृतिक समूह की बैठक होने जा रही है।’ उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी ने 56 स्थानों में से खजुराहो को चुना यह हमारे लिए गर्व की बात है। इससे खजुराहो एक बार फिर विश्व पटल पर चमकेगा। प्रारंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत अकादमी के निदेशक जयंत माधव भिसे ने किया। स्वागत भाषण संचालक संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी ने दिया। अंत में एएसआई के अधीक्षक शिवकांत बाजपेई ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री मृदु त्रिपाठी ने किया।इन्हें मिले राज्य रूपंकर कला पुरस्कार: मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार प्रदर्शनी 2023 के लिये  जिन 10 कलाकारों को पुरस्कृत किया गया है उनमें जबलपुर के अमित कुमार सिन्हा को देवशकृष्ण जटाशंकर जोशी पुरस्कार, भोपाल की समीक्षा राठौर को मुकुंद सखाराम भांड पुरस्कार, भोपाल के धर्मेंद्र मेवाडे को सैय्यद हैदर रजा पुरस्कार, धार के प्रेमकुमार सिंह को दत्तात्रेय दामोदर देवलालीकर पुरस्कार, भोपाल के मानसिंह व्याम को जगदीश स्वामीनाथन पुरस्कार, इंदौर के उपेंद्र उपाध्याय  को विष्णु चिंचालकर पुरस्कार, ग्वालियर के ओमप्रकाश माहोर को नारायण श्रीधर बेंद्रे पुरस्कार, भोपाल के गिरीश बा. उरकुडे को रघुनाथ कृष्णराव फड़के पुरस्कार, भोपाल की शिवानी दुबे को राममनोहर सिन्हा पुरस्कार, एवम जबलपुर की अंजली राऊत को लक्ष्मीशंकर राजपूत पुरस्कार प्रदान किया गया। सुश्री शर्मा ने सभी अतिथियों के साथ इन कलाकारों को 51 हजार की सम्मान निधि, एवम प्रमाणपत्र प्रदान किए और सभी को शुभकामनाएं भी दीं। इन सभी कलाकारों की पुरस्कृत कृतियां आप राज्य रूपंकर कला पुरस्कार प्रदर्शनी में देख सकते हैं।समारोह का क्या है ख़ास आकर्षण : खजुराहो नृत्य समारोह के दौरान भारतीय नृत्य-शैलियों के सांस्कृतिक परिदृश्य एवं कला-यात्रा की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें कथकली पर एकाग्र-नेपथ्य, भारत सहित विश्व के अन्य देशों की कला प्रदर्शनी आर्ट-मार्ट, भारत एवं पांच देशों के नृत्य कलाकारों द्वारा नृत्य की नई भाषा का संधान-कोरियो लैब-लय प्रवाह, कलाकार और कलाविदों का संवाद-कलावार्ता, वरिष्ठ चित्रकार श्रीमती शुभा वैद्य की कला अवदान पर एकाग्र प्रदर्शनी-प्रणति, देशज ज्ञान एवं परम्परा का मेला-हुनर के साथ टेराकोटा और सिरेमिक राष्ट्रीय प्रदर्शनी कार्यशाला-समष्टि जैसे प्रमुख आकर्षण हैं।साहसिक पर्यटन गतिविधियों का आनंद : सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कला प्रेमी और पर्यटक खजुराहो में साहसिक गतिविधियों का आनंद भी उठा सकते हैं और पर्यटक क्षेत्र विशेष की संस्कृति, धरोहर, परंपराओं, रीति-रिवाजों और खान-पान से रूबरू हो सकते हैं। उत्सव में ग्लैंपिंग, विलेज टूर, वॉक विद पारधी, ई-बाइक टूर, सेग-वे टूर, वाटर एडवेंचर जैसी रोमांचक गतिविधियों के साथ स्थानीय संस्कृति, कला और स्थानीय बुंदेली व्यंजनों के स्वाद का भी आनंद लिया जा सकता है। इस रिपोर्ट के लिये खजुराहो से इनपुट राज बेन्द्रे। आगे पढ़ें – भारंगम में राकेश बेदी के नाटक का सुपर शो!

‘भारंगम’ में राकेश बेदी के नाटक ‘जब वी सेपरेटेड’ का सुपर शो

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास