कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। टैगोर विश्व कला एवं संस्कृति केन्द्र की पुरस्कृत सांस्कृतिक पत्रिका ‘रंग संवाद’ का विशेषांक खजुराहो अंतरराष्ट्रीय नृत्य समारोह (20 से 26 फरवरी) के अवसर जारी हो रहा है। यह अंक भारतीय कलाओं के संदर्भ में परम्परा, प्रयोग और नवाचार पर केन्द्रित है। इस नए संस्करण में संस्कृति के मूर्धन्य अध्येता, आलोचक तथा कलाकारों के आलेख, संवाद, रिपोर्ताज तथा कलाकृतियों का समावेश किया गया है। फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स नई दिल्ली द्वारा लगातार दो वर्षों से ‘रंग संवाद’ को उत्कृष्ट पत्रिका के रूप में सम्मानित किया गया है। 

रज़ा मावल के छायांकन से सुसज्जित आवरण: भारत सहित दुनिया के तीस देशों में ‘रंग संवाद’ का प्रसार है। सौ से भी ज़्यादा पृष्ठों का यह विशेष अंक है। फरवरी-2023 के इस अंक का कलात्मक आवरण वरिष्ठ फोटोग्राफर रज़ा मावल के छायांकन से सुसज्जित है। अशोक भौमिक, नर्मदा प्रसाद उपाध्याय, श्यामसुन्दर दुबे, राजेश व्यास, नरेन्द्र नागदेव, निर्मला डोसी, शंपा शाह, स्वरांगी साने, अनुलता राज नायर, स्नेहा कामरा, सुदीप सोहनी, संजय सिंह राठौर, विवेक सावरीकर, आलोका सेठी, पाँखुरी जोशी तथा शाम्भवी शुक्ला आदि के अग्रलेख सांस्कृतिक विमर्श की नई दिशाएँ खोलते हैं।
संतोष चौबे की सारगर्भित गहरी टिप्पणी: ‘रंग संवाद’ के प्रधान सम्पादक संतोष चौबे की सारगर्भित टिप्पणी परम्परा के प्रवाह में कलाओं की परस्परता और मानवीय मूल्यों पर गहरी नज़र डालती है। सम्पादक विनय उपाध्याय के अनुसार ‘रंग संवाद’ का यह अंक इस आग्रह के साथ परिकल्पित है कि परम्परा का मूल्यांकन हम खुली नज़र से करें। देखें कि सभ्यता के विकास में मनुष्य पर उसके प्रभाव क्या रहे हैं? इस अंक में प्रख्यात लोक गायिका मालिनी अवस्थी से अनुलता नायर की ख़ास बातचीत जो सपनों, संघर्षों और शोहरत से गुजरती एक नायाब शख्सियत के पोशीदा पहलुओं को परत-दर-परत खोलती है। कला चिंतक राजेश कुमार व्यास संस्कृति की विशद व्याख्या करते हुए कला की विभिन्न विधाओं का संदर्भ लेते हैं। चित्रकार-कलागुरु अशोक भौमिक भारतीय चित्रकला के मर्म को स्पर्श करते हैं। लेखिका निर्मला डोसी हस्तकलाओं के साथ जुड़े हुनर को देखते हुए जीवन, प्रकृति और संस्कृति के बीच उनके रचनात्मक सरोकारों की पड़ताल करती हैं। कवि-कलाकार विवेक सावरीकर ने गुरुपरम्परा में दीक्षित नर्तकों से प्रयोग पर महत्वपूर्ण वार्ता की है। प्रसिद्ध रंगकर्मी आलोक चटर्जी रंगभूमि पर हो रहे नए प्रयोगों का जायजा लेते हुए खरी टिप्पणी करते हैं। अंक पाने के लिये संपर्क करें – मोबाइल नंबर – 9074767948 ई मेल – tagorekalabpl@gmail.com (आगे पढ़ें – खजुराहो नृत्य समारोह की रिपोर्ट।) https://indorestudio.com/khajuraho-nritya-samaroh-2023-ka-20-february-ko-hoga-shubharambh/

