सतीश श्रोत्री, इंदौर स्टूडियो। इंदौर के चोइथराम हॉस्पिटल स्थित स्कूल ऑडिटोरियम में नाटक ‘मेडिकल ए आज़म’ का शानदार और मज़ेदार मंचन हुआ। यह प्रस्तुति मुंबई के ‘थियेटरवाला ग्रुप’ की थी, जिसका लेखन और निर्देशन रोहित तिवारी ने किया है। इंदौर-उज्जैन के रंगकर्म से लंबे समय तक जुड़े रहे रोहित अब मुंबई में अपने नाट्य समूह के साथ सक्रिय हैं।
सहयोगी रंगकर्मी मनजीत सोहल के साथ इस नाटक को देखने का अनुभव बेहद दिलचस्प और शानदार रहा। नाटक की स्क्रिप्ट बहुत कसी हुई है। डेढ़ घंटे के इस नाटक ने चोइथराम हॉस्पिटल के चिकित्सकों और मेडिकल पेशे से जुड़े दर्शकों को पूरी तरह से बाँधकर रखा। दर्शकों ने न सिर्फ प्रस्तुति को सराहा, बल्कि वे पूरे समय ठहाके भी लगाते रहे।
नाटक के सभी कलाकारों का अभिनय बेहतरीन रहा। पारिवारिक कारणों से दो कलाकारों को अचानक मुंबई लौटना पड़ा, लेकिन उनकी भूमिकाएं अन्य साथी कलाकारों ने इतनी सहजता से निभाईं कि कोई कमी महसूस नहीं हुई। विशेष रूप से डॉक्टर के बेटे ‘बार-बार’ और ‘वायरस’ के किरदार को कलाकारों ने बखूबी जिया। इसके अलावा अन्य सभी कलाकारों ने भी अपनी-अपनी भूमिकाओं के साथ पूरा न्याय किया।
शुरुआत में ऐसा प्रतीत हुआ कि यह नाटक सिर्फ़ डॉक्टर्स के लिए ही उपयोगी होगा, लेकिन यह हर वर्ग के दर्शक के लिए एक मज़ेदार प्रस्तुति साबित हुआ। हालांकि, नाटक में कई बीमारियों, जांच रिपोर्ट्स और शरीर के अंगों के ऐसे नाम लिए गए जिनसे आम आदमी कम ही वाकिफ होता है, लेकिन कहानी का प्रवाह इतना सहज था कि मेडिकल प्रोफेशन की थोड़ी-बहुत समझ रखने वाला दर्शक भी आसानी से इससे जुड़ सकता है।
नाटक का संगीत और मंच सज्जा भी विषय के बिल्कुल अनुकूल रही। रोहित तिवारी की रोचक पटकथा, सटीक संवाद और शानदार निर्देशन ने दर्शकों को एक बेहतरीन नाटक देखने का अवसर दिया, जिसके पंच दर्शकों को लगातार ठहाके लगाने पर मजबूर करते रहे। (इस रिपोर्ट के लेखक सतीश श्रोत्री वरिष्ठ नाट्य अभिनेता, निर्देशक और लेखक हैं।) आगे पढ़िये – ‘इप्टा’ के 53वें ड्रामा मुकाबले में चमके युवा https://indorestudio.com/iptas-53rd-drama-competition/
‘मेडिकल-ए-आज़म’ का मज़ेदार मंचन, दर्शकों ने लगाए ठहाके
RELATED ARTICLES

