इंदौर स्टूडियो,कला प्रतिनिधि। ख्यात साहित्यकार और कलाविद् नर्मदा प्रसाद उपाध्याय को इस साल का “लोकनायक जयप्रकाश नारायण स्मृति राष्ट्रीय सम्मान” दिए जाने की घोषणा की गई है। 21 दिसंबर को दिल्ली में एक औपचारिक समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जायेगा। श्री उपाध्याय वरिष्ठ कला समीक्षक, इतिहासकार,संस्कृति अध्येता तथा ललित निबंधकार हैं। उन्हें साहित्य,कला और संस्कृति के विभिन्न अनुशासनों में अध्ययन और सर्जनात्मक योगदान के लिये जाना जाता है। प्रतिष्ठित सम्मान “लोकनायक जयप्रकाश स्मृति कला एवं संस्कृति प्रतिष्ठान” द्वारा कला तथा संस्कृति के क्षेत्र में किए गए लेखन के लिए प्रति वर्ष प्रदान किया जाता है। सम्मान और पुरस्कार का यह कार्यक्रम दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में 21 दिसंबर 2022 को होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रख्यात नृत्यांगना डॉक्टर सोनल मानसिंह तथा नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी होंगे। आपको बता दें पिछले वर्षों में यह सम्मान पद्मभूषण छन्नूलाल मिश्र,अनूप जलोटा,अशोक भौमिक, विरेश्वर भट्टाचार्य और प्रभाकर कोल्टे जैसे दिग्गज हस्तियों को दिया जा चुका है।

