- 8 सितम्बर तक चलेगा
- हर दिन उमड़ रहे हजारों लोग
- सैकड़ों विद्यार्थी भी पहुँचे
- हर दिन होंगे साहित्यिक आयोजन
इंदौर, द टेलीप्रिंटर। पढ़ने के शौकीनों के लिए इन दिनों उज्जैन में पुस्तक मेला चल रहा है। देश के कई महत्त्वपूर्ण प्रकाशनों के स्टाल यहाँ लगे हैं और पुस्तकों को देखने-खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इनमें बड़ी तादात में स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। पुस्तक मेले के साथ ही यहाँ हर दिन साहित्यिक आयोजन भी हो रहे हैं। उज्जैन की कालिदास अकादमी में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) नईदिल्ली की ओर से अकादमी परिसर में 31 अगस्त से 8 सितंबर तक राष्ट्रीय पुस्तक मेला लगाया गया है। इसमें महत्त्वपूर्ण, अनूठी और दुर्लभ किताबें बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। साहित्य, धर्म, शिक्षा के साथ विविध विषयों की हिन्दी, अंग्रेज़ी और संस्कृत सहित अन्य भाषाओँ में लाखों किताबें यहाँ पुस्तक प्रेमियों का मन मोह रही है।
विक्रम विवि के कुलपति डॉ. बालकृष्ण शर्मा, महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विवि के कुलपति डॉ. पंकज लक्ष्मण जानी, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत के अध्यक्ष प्रो. गोविंद प्रसाद शर्मा ने पुस्तक मेले का 31 अगस्त को इसका शुभारंभ किया। कुलपति डॉ. जानी ने कहा आज की पीढ़ी का बेहतर विकास करने में पुस्तकें समर्थ हैं। शनिवार को ग़ज़ल संध्या के साथ पुस्तक मेला में साहित्यिक कार्यक्रमों की भी शुरुआत हो गई. इसमें सूत्रधार नरेंद्र सिंह अकेला थे। डॉ. विजय सुखवानी, सुनील गाइड (तराना) , कमलेश व्यास कमल और काईद जौहर ने गजलें सुनाई. रविवार को चिल्ड्रन्स लिट्रेचर इवेंट्स में वरिष्ठ लेखक रजनीकांत शुक्ला नईदिल्ली, इंदिरा त्रिवेदी भोपाल और सुषमा यदुवंशी के साथ विद्यार्थियों का पैनल डिस्कशन हुआ।

