इंदौर स्टूडियो डॉट कॉम। बॉलीवुड सिंगर पलक मुछाल को अमेरिकी विश्वविद्यालय की ओर से वैश्विक शांति के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की गई है। पलक ने सोशल मीडिया पर खुद यह जानकारी साझा की है। उन्हें यह उपाधि दिल के मरीज सैकड़ों बच्चों की नि:शुल्क सर्जरी कराने के महत्वपूर्ण काम के सम्मान में दी गई है। उनके साथ ही बॉलीवुड के मशहूर गायक कुमार सानू भी डॉक्टरेट की उपाधि से नवाज़े गए हैं।
पलक ने उपाधि मिलने पर कहा, ‘मुझे पता नहीं इतनी कम उम्र में इस तरह की मानद उपाधि के मैं क़ाबिल हूँ या नहीं लेकिन मैं खुश हूँ’। आपको बता दें इंदौर की पलक 7 साल की उम्र से ही हार्ट के मरीज बच्चों के इलाज में मदद करती रही हैं। उनके ऑपरेशन के लिये व करीब 17 साल से स्टेज शोज़ कर रही है। उन्होंने अब तक 2200 बच्चों के ऑपरेशन में मदद कर एक बड़ी मानवीय सेवा की है। बॉलीवुड में अपनी गायन प्रतिभा के साथ ही वे इस नेक काम के लिये भी तारीफ़ की वजह बनी रहती हैं।

