कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टुडियो।
नागपुर में नाटक – ‘शौर्या:मेरी कहानी,मेरी ज़ुबानी’ का स्थानीय चिटनवीस सेंटर,मिमोसा में 5 जनवरी को नाट्य वाचन होगा। इस नाटक का लेखन रंगमंच अभिनेत्री और निर्देशिका प्रियंका शक्ति ठाकुर ने किया है। यह उनका पहला नाटक है। नाटक की रंगमंच और सिनेमा सहित कई जानी-पहचानी हस्तियों ने प्रशंसा की है।
नाटक ‘इक्थियोसिस’ से
पीढ़ित युवती की कहानी:
प्रियंका ने यह नाटक एक ऐसी बदसूरत युवती शौर्या की कहानी है जो इक्थियोसिस जैसे चर्मरोग से पीढ़ित है। इस रोग की वजह से किस तरह उसे परिवार से लेकर समाज में विपरीत हालात से गुज़रना पड़ता है। लेखिका ने नाटक में बड़ी संवेदनशीलता से इस विषय को उठाया है। नाटक नारी सशक्तिकरण की मिसाल बनता है जिसमें आख़िरकार शौर्या विपरीत हालात में भी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लेती है। प्रियंका ने यह नाटक लॉक डाउन के समय में रचा है। अपने मंतव्य में उन्होंने लिखा है- यह विषय मेरे मन को बार-बार झकझोर रहा था। मेरा मन व्यथित था। मैंने सोचा कि अगर यह बीमारी किसी लड़की को हो जाये तो उसे वर्तमान में किन-किन संकटों का सामना करना पड़ेगा। मुझे लगा ऐसे संकटों की शुरूआत घर से होगी। इस तरह यह नाटक शब्दों में उतरता चला गया।
नाट्य वाचन में भाग
लेने वाले कलाकार :
नाटक के पहले नाट्य वाचन में रौनक पलसापुरे,रोहित कतरे,नचिकेत दामगोरे,श्वेता केवलरामानी, समृद्धि कुलकर्णी और कोमल भालधरे हिस्सा लेंगे। नाटक का पहले पाठ की तैयारी नागपुर के हनुमान नगर स्थित प्रियंका शक्ति ठाकुर के निवास पर पिछले कुछ दिनों से जारी रही है। प्रियंका ने कहा, मेरे रंगकर्म की सक्रियता में निश्चित ही मेरे परिवार का अतुलनीय योगदान है। मेरे पति शक्ति ठाकुर और माता-पिता जैसे सास-ससुर का मुझे हर संभव सहयोग मिलता रहा है। आपको बता दें प्रियंका ठाकुर भोपाल में हबीब तनवीर, संजय मेहता,नज़ीर कुरैशी और डॉ.विनोद इंदुरकर जैसे रंगमंच से जुड़ी हस्तियों के साथ नाटकों में काम करती रही हैं। विवाह के बाद 2013 से वे निरंतर नागपुर में हिन्दी रंगमंच की ज़मीन को सींचने का काम कर रही हैं।
#शौर्या_मेरी_कहानी_मेरी_ज़ुबानी #प्रियंका_शक्ति_ठाकुर #नाट्य_वाचन #रंगकर्म #नागपुर

