सिने प्रतिनिधि,इंदौर स्टुडियो। पंकज त्रिपाठी ने अक्षय कुमार के साथ ‘ओ माई गॉड’ सिकवल की शूटिंग में भाग लेने के बाद अब श्रीजीत मुखर्जी की नई फिल्म ‘शेरदिल’ की शूटिंग में व्यस्त हो गये हैं। फिल्म में उनके साथ अभिनेता नीरज काबी और सयानी गुप्ता जैसे कलाकार सहयोगी भूमिकाओं में हैं। फिल्म की शूटिंग बीते साल ही शुरू हो जाना थी लेकिन कोरोना संकट के चलते इसके निर्माण टल गया था। अब फिल्म के निर्माण ने रफ़्तार पकड़ ली है।
श्रीजीत मुखर्जी के साथ अपने काम के अनुभव पर पंकज ने कहा, “श्रीजीत एक शानदार निर्देशक हैं। उन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। उनका काम खुद बोलता है। ‘शेरदिल’ में अभिनय को लेकर मैं काफी उत्साहित हूँ। फिल्म की स्क्रिप्ट कमाल की है। मुझे यकीन है कि श्रीजीत पक्के तौर पर मेरे किरदार को जीवंत रूप में परदे पर प्रस्तुत कर पाने में सफल होंगे। यही उनकी ख़ूबी भी है। मैं भी उनके साथ अपनी पूरी क्षमता से काम कर रहा हूं।” वहीं निर्देशक श्रीजीत ने कहा,”पंकज त्रिपाठी देश के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं। उन्हें सेट पर देखना आधी लड़ाई जीतने जैसा है। वह हमेशा नई चीजों को आज़माने और जरूरत पड़ने पर सुधार करने के लिए उत्साहित रहते हैं। उनकी उपस्तिथि एक निर्देशक के लिए बेहद खुशी की बात है। यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है जो पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पेश आई घटना से प्रेरित है, जहां ग्रामीण अपने बुजुर्ग परिवार के सदस्यों को बाघों के शिकार के लिए छोड़ देते थे और फिर प्रशासन से मुआवज़े का दावा करते थे। हालांकि, बुजुर्ग ग्रामीणों पर हमलों की श्रृंखला के बाद, वन अधिकारियों को वास्तविक घटनाओं को लेकर संदेह होता है। पंकज त्रिपाठी एक ग्राम प्रधान की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने गरीब परिवार को बचाने के लिए घने जंगल में जाने को मजबूर हैं। फिल्म रिलायंस एंटरटेनमेंट,टी-सीरीज की साझा प्रस्तुति है।
#पंकज_त्रिपाठी #श्रीजीत #शेरदिल #फिल्म_शूटिंग #सिने_ख़बरें #इंदौर_स्टुडियो #बॉलीवुड

