Wednesday, May 13, 2026
Homeकला रंगप्रतीक्षा नैयर के मालवी कॉमिक वीडियो क्यों हो रहे वायरल ?

प्रतीक्षा नैयर के मालवी कॉमिक वीडियो क्यों हो रहे वायरल ?

इंदौर,23 अक्टूबर (शकील अख़्तर)। ‘मालवी कॉमिक वीडियोज को दर्शकों ने जिस तरह से पसंद किया है, मैं इस सफलता का श्रेय अपनी मां श्रीमती विमला जैन और थिएटर की ट्रेनिंग को देती हूं। मां ने मुझे मालवी भाषा के संस्कार दिये और स्व.नाना दुराफे थिएटर ने मुझमें रंगमंच के क्षेत्र में आगे बढ़ाया। वो आज नहीं है लेकिन उनका आर्शीवाद आज भी मेरे साथ है।‘  इंदौर की रंगमंच अभिनेत्री प्रतीक्षा जैन नैयर ने यह बात इंदौर स्टुडियो से कही। प्रतीक्षा इन दिनों मालवी में वायरल हो रहे अपने वीडियोज़ की वजह से चर्चा में हैं। उनके अभी सिर्फ 4 वीडियोज़ ही आएं हैं लेकिन दर्शक इन वीडियोज़ को ना सिर्फ पसंद कर रहे हैं बल्कि उनके अंदाज़ के साथ मालवी के चुटीलेपन, लहजे से सहज ही जुड़ रहे हैं। अपनेपन का अहसास कर रहे हैं। यहां हम उनके वायरल वीडियोज़ साझा करने के साथ उनके बारे में भी आपको बताने जा रहे हैं।

प्रतीक्षा ने कहा, ‘बचपन से ही हमारे घर में मालवी बोलचाल की भाषा रही। इसका प्रभाव मुझपर आज भी है। इसके पीछे माँ की शिक्षा और संस्कार ही रहे। उनकी वजह से ही मालवी पर मेरी पकड़ बन सकी। उनसे ही मैंने मालवी और राजस्थानी लोकोक्तियां, मुहावरे और लोकगीत सीखे। मेरे वीडियोज़ पसंद किये जाने के बाद मेरी ज़िम्मेदारी भी थोड़ी सी बढ़ गई है। मैं टिपिकल मालवी ह्यूमर और हमारी संस्कृति से उत्प्रेरित बेहतर वीडियो लाने की कोशिशें करती रहूंगी।‘

कैसे हुई मालवी भाभी की शुरूआत : प्रतीक्षा ने सेल्फी टाइप शॉर्ट वीडियो बनाने की ‘मोटू थ्हारे म्हारे पे भरोसा नाई कई ?’ से की थी। तब उन्हें इस बात का अंदाज़ा नहीं था कि उनके काम को सोशल मीडिया पर पसंद किया जाएगा। हाल ही में उनके जो तीन वीडियो वायरल हुए वे देश-विदेश में ख़ासे लोकप्रिय हो चुके हैं। देखते-देखते वे ‘मालवी भाभी’ के रूप में मशहूर हो गई हैं। आइये आपको इनके हाल के तीन चर्चित वीडियोज़ के बारे में बताते हैं।

वीडियो नंबर 1 : प्रतीक्षा का सबसे ताजा वीडियो दशहरे पर वायरल हुआ है। इसमें वे एक मालवा की एक गृहिणी के रूप में बता रही हैं कि उन्होंने पति को ज़ायकेदार खाना बनाकर बड़े प्यार से परोसा लेकिन पति सिर्फ चटनी ना होने की बात पर नाराज़ हो गए। पति की यह बात पर वो परेशान हो जाती हैं और मालवी का एक लोकगीत सुनाकर अपना दर्द साझा करती हैं। देखिये मीठी मालवी में उनका ये अंदाज़। देखिए वीडियो-

वीडियो नंबर 2 : प्रतीक्षा का उपवास रखने वाला एक वीडियो और वीडियो वायरल हो चुका है। इसमें वे बताती हैं उपवास की वजह से उन्हें किस कदर भूख लग रही है। मगर उपवास रखना भी जरूरी है इसलिये वे उपवास में खाने योग्य तरह-तरह की चीज़ें खाकर उपवास कर रही है। इसके बावजूद उन्हें भूख और कमज़ोरी महसूस हो रही हैं। आखिर में वे बताती हैं कि उनके पति उनका हाल देखकर इंदौर के छप्पन और सराफा बाज़ार से उपवास में वाली खाने-पीने की चीज़ें लेने गए हैं। देखिए वीडियो-

वीडियो नंबर 3 : इंदौरी बड़बोलेपन के अंदाज़ में उनका एक और वीडियो पिछले दिनों पसंद किया गया था। इसमें वे बताती हैं कि अक्षय कुमार उन्हें अपना दोस्त मानते हैं और वो उनकी फिल्म- ‘पैडमैन’ में हीरोइन के रूप में काम करने का ऑफर दे रहे हैं। ऑफर किस तरह का है, इसका राज़ वीडियो के अंत में खुलता है। तीनों ही वीडियो में उनका सहज सरल मालवी अंदाज़ और इस बोलचाल का चुटीलापन दर्शकों के मन को भा जाता है। आपको बता दें, प्रतीक्षा फिल्म- ‘पैडमैन’ में काम भी कर चुकी हैं। देखिए वीडियो-

अभिनय का मैनेजमेंट और पारिवारिक ज़िम्मेदारियां : सॉफ्टवेयर इंजीनियर आकाश नैयर की पत्नी प्रतीक्षा एक समर्पित गृहिणी भी हैं। उन्हें अपने दो बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का भी पूरा ध्यान रखना पड़ता है। अच्छी बात ये है कि उनके पति उनकी इस काम में मदद करते हैं। पारिवारिक व्यस्तता के बीच वे रंगमंच और फिल्म के लिए किसी ना किसी तरह समय निकाल लेती हैं। वे कहती हैं, मुश्किल तो होता है, सुबह रिर्हसल पर जाना होता है, इन दिनों एक धार्मिक सीरियल की वजह से भी समय का प्रबंधन करना पड़ रहा है। मगर इन कामों से जो संतोष मिल रहा है। वो भी एक सुखद अनुभूति  है। वे बताती हैं -‘स्कूल और कॉलेज के दिनों से ही मैं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेती रही लेकिन शादी के बाद उनके शौक को एक लंबा ब्रेक लग गया। चार साल पहले जब वे इंदौर नाट्य विलास थिएटर ग्रुप से जुड़ी, संस्थापक स्व. नाना दुराफे जी के संपर्क में आईं, तबसे अभिनय के क्षेत्र में एक नई शुरूआत हुई। नाना दुराफे के सान्निध्य में मैंने काफी कुछ सीखा। एक नया आत्मविश्वास जागा। नाना दुराफे जी का ही आर्शीवाद है जो मैं यहां तक पहुंच सकी हूँ।‘

रंगमंच आर्ट ऑफ ड्रामा के साथ नाटकों का नया सफ़र : प्रतीक्षा अब इंदौर में रंगमंच के कलाकार संदीप दुबे के नाट्य समूह ‘रंगमंच आर्ट ऑफ ड्रामा’ के साथ जुड़कर काम कर रही हैं। उन्होंने बीते चार सालों में ‘गोदान’ और ‘आधे अधूरे’ के साथ ही तीन ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के नाटकों ‘महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान और रानी पद्मावति’ में प्रमुख भूमिकाएं अदा की हैं। इसके साथ ही वे फिल्म- ‘पैडमैन’ के साथ ‘नियति’ और ‘ये लड़की बिन ’ जैसी बॉलीवुड की फिल्मों और रिफ्लेक्शन, मिड नाइट एट टू, यलो और नज़रिया जैसी शॉर्ट फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। कई विज्ञापनों का भी चेहरा बन चुकी हैं। इन दिनों वे –संकल्प देवकी का, नाम के एक सीरियल की शूटिंग में व्यस्त हैं। प्रतीक्षा कहती हैं, ‘लोग वीडियो पसंद कर रहे हैं, उन्हें लगातार फोन पर बधाई के संदेश मिल रहे हैं। ऐसे में एक कलाकार के रूप में भी उनकी ज़िम्मेदारी बढ़ गई है। आगे भी वे अच्छे विषयों पर अपने वीडियो पेश करते रहना चाहती हैं।‘  

( indorestudio.com देशभर में कला और संस्कृति के क्षेत्र में काम कर रहे कलाकारों और कला संस्थाओं पर केंद्रित वेबसाइट है। आप भी हम से जुड़ सकते हैं। अपनी कला गतिविधियों, कार्यक्रमों, उपलब्धियों से जुड़ी खबरें और वीडियोज़ हमसे शेयर कर सकते हैं। संपर्क के लिए ई मेल करें indorestudio@gmail.com)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास