शामी एम. इरफ़ान, इंदौर स्टूडियो। मुंबई के अँधेरी में मौजूद ‘रंगशीला थियेटर’ में आगामी 14 जून को नाटक ‘रात की रानियां’ का मंचन किया जाएगा। महिला मित्रता पर केंद्रित यह नाटक पांच सहेलियों की कहानी है, जो दर्शकों को 90 के दशक के दौर में ले जाती है। नाटक में फातिमा आरिफ़ ने बेहद भावपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके साथ जया विरली और सोहनी नियोगी जैसी युवा अभिनेत्रियां भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
महिला मित्रता और संबंधों की कहानी:
यह नाटक महिला मित्रता और जीवनभर के संबंधों की एक संवेदनशील कहानी को प्रस्तुत करता है। नाटक की मुख्य भूमिका में फातिमा आरिफ ने अपने सहज, भावपूर्ण और प्रभावी अभिनय से दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया है। उनके अभिनय में दिखने वाली भावनात्मक गहराई, आत्मीयता और संतुलित अभिव्यक्ति नाटक के कथानक को और अधिक प्रभावशाली बनाती है।
त्रिशला पटेल का लेखन, टीपीओटी का निर्माण:
‘रात की रानियां’ नाटक का लेखन त्रिशला पटेल ने किया है और यह ‘टीपीओटी प्रोडक्शंस’ की प्रस्तुति है। देश के विभिन्न शहरों में इसके पूर्व मंचनों को दर्शकों और समीक्षकों की भरपूर सराहना मिल चुकी है। इससे पूर्व फातिमा आरिफ मनोवैज्ञानिक नाटक ‘एक्सट्रीमिटीज’ तथा ‘इन सर्च ऑफ दरिया सागर’ में मुख्य भूमिकाएं निभाकर अभिनय क्षमता का परिचय दे चुकी हैं।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में योगदान:
उल्लेखनीय है कि फातिमा आरिफ मशहूर आध्यात्मिक लेखक और कवि पंडित मुस्तफा आरिफ की सुपुत्री हैं। वे एक प्रतिभाशाली थिएटर अभिनेत्री, कथक नृत्यांगना और योग शिक्षिका के रूप में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। पंडित मुस्तफा आरिफ के संस्कारों और आरिफ परिवार की समृद्ध कलात्मक परंपरा का प्रभाव फातिमा की रचनात्मक यात्रा में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। आगे पढ़िये – बंद गली का आख़िरी मकान: पंछी आपनो ना कोई https://indorestudio.com/band-gali-ka-aakhiri-makaan-natak-review/

