आलोक चौबे, ब्यूरो रिपोर्ट। रंगमंच के साथ ही पिछले तीस साल से फिल्म,टीवी और वेब सीरीज में नाम कमाने वाले शाहनवाज प्रधान का मुंबई के एक शो में निधन हो गया। वे 56 साल के थे। मुंबई के कलाकार जगत के साथ ही मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में उनके निधन पर शोक की लहर दौड़ गई। शाहनवाज़ मूल रूप से रायपुर के रहने वाले थे।
शो में सम्मानित होने के बाद आया अटैक: जिस शो में शाहनवाज़ शामिल हुये थे,उसका नाम था The RDD Show. इस शो को फिल्म और टीवी के कलाकार और निर्देशक राकेश साहू ने आयोजित किया था। उनकी साझा की गई जानकारी के मुताबिक, शाहनवाज़ जी “The RDD Show” के समारोह में शामिल होने आये थे,मेरी बगल में बैठे थे। उनका मंच पर यशपाल शर्मा ने सम्मान किया था। सम्मान के समय की तस्वीरें मैंने उन्हें खींचकर भी भेज दी थीं। बाद में मेरे मंच पर सम्मानित होने की तस्वीरें उन्होंने मुझे भेज दी। कुछ देर में वे कहने लगे, राकेश भाई! मुझे कुछ घबराहट हो रही है,मैंने पूछा कि डॉक्टर के पास चलना है? तभी उनकी आँखें बंद होने लगी। आगे बैठे शक्ति सिंह जी को मैंने बताया, फिर उन्होंने हॉल में आवाज दी, यहां कोई डॉक्टर है?
अस्पताल ने दी उनके निधन की सूचना: राकेश साहू ने बताया, सीने में पम्प के साथ ही उन्हें फौरन कोकिलाबेन हॉस्पिटल ले जाया गया। परंतु डॉक्टरों ने कुछ देर बाद उनके निधन हो जाने की सूचना दी। उन्होंने कहा कि इस दु:खद हादसे को लेकर यह बात भी महसूस हुई कि हम सभी को ऐसे हालात में सीने में पम्प या mouth to mouth breathing training के बारे में पता होना चाहिये। ऐसे हादसे कभी भी, किसी के साथ हो सकते हैं। CINTAA / IFTDA जैसे कलाकार संगठनों से भी अनुरोध है कि वे इसको लेकर कलाकारों के बीच प्रशिक्षण के सेमिनार आयोजित करें। इमरजेंसी के हालात की जानकारी भी दें।
छोटे और बड़े दोनों के कलाकार रहे: शाहनवाज़ बतौर कलाकार फिल्म ‘लगान’, ‘द फैमिली मैन’, ‘फैंटम’ और ‘रईस’ जैसी फिल्मों, बहुत से टीवी सीरियल्स और शोज में काम कर चुके थे। मिर्जापुर के तीसरे सीजन में भी वे एक बार फिर नज़र आने वाले हैं। इसकी हाल ही में शूटिंग पूरी हुई है। इस सीरीज में शाहनवाज प्रधान ने गुड्डू भैया के ससुर और गोलू और स्वीटी के पिता का किरदार निभाया है।

