रायपुर, इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। इंडियन रिहाना के नाम से मशहूर रेने कुजूर देश की पहली आदिवासी मॉडल है। अब यह नाम लंदन के फैशन वर्ल्ड में ख़ासतौर पर पहचाना जाता है। छत्तीसगढ़ की इस लड़की को कभी क्लास के बच्चे काली परी कहकर बुलाते थे आज वो दुनिया में अपनी मॉडलिंग के जलवे दिखा रही हैं।
रेने का चेहरा और नाक नक्श इंटरनेशनल सुपर स्टार और पॉप सिंगर रिहाना से मेल खाते हैं। इसलिये रेने को इंडियाना रिहाना कहा जाने लगा है। पिछले दिनों रेने कुजुर ने रिहाना की स्टाइल में तस्वीरें भी खिंचवाई थीं।
तस्वीरों को देखकर रेने को पहचानना मुश्किल था। रेने कुजुर कई ज्वेलरी और क्लोदिंग लाइन के लिए शूट कर चुकी हैं। लेकिन उनका यहां तक का सफर आसान नहीं था, अपने काले रंग के चलते उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में कई तानों और दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रेने कहतीं हैं कि “लोग ट्राइबल गर्ल को आगे बढ़ने नहीं देते । काले रंग और चपटी नाक का मजाक उड़ातें हैं। लोग सोचते हैं कि आदिवासी गवर्मेंट जॉब से ज्यादा आगे बढ़ नहीं सकते और न ही उससे आगे सोच सकते हैंl मुझे वो हर परसेप्शन बदलना था जो आदिवासियों को लेकर बना लिए गये हैंl’ कभी रेने और उनके परिवार को दो वक्त की रोटी के लिए महुआ-तेंदुपत्ता बीनना पड़ता था। तमाम मुश्किलों से लड़ते हुए खुद को उन्होंने ऐसा बनाया कि वे आज एक नई मिसाल बन गई हैं।

