इंदौर स्टूडियो, एसपीसी प्रतिनिधि। ऐसी विलक्षण नज़र और याददाश्त लाखों में किसी एक की ही होगी। ये मासूम तो अभी सिर्फ साढ़े चार साल की उम्र का है जो केजी फर्स्ट में पढ़ता है। नाम है, मास्टर आरंभ जैन। आरंभ इस नन्ही उम्र में ही बहुत सी जानकारियां अँगुलियों पर रखता है। पलक झपकते ही किसी भी झंडे,लोगो या ब्रांड को देखकर उनके बारे में सटीक जानकारी दे देता है।
चित्र दिखाते ही आरंभ देता है सटीक जवाब: चाहे दुनिया के किसी भी देश का राष्ट्रीय झंडा हो, दुनिया की किसी भी नामचीन कंपनी या ब्रांड का लोगो हो या दुनिया के किसी भी देश का राष्ट्रीय पशु-पक्षी हो। आरंभ को आप केवल झंडे का, पशु-पक्षी का या कंपनी के लोगो का चित्र भर उसे दिखाइए। अगले ही पल आरंभ सटीक जवाब सामने रखता है। बता देता है कि वो किस देश या कंपनी अथवा ब्रांड से संबंधित है। जाहिर है कि तब सभी हैरत से अपनी अंगुलियों को अपने दांतों तले दबी पाते हैं। इंदौर की इस विलक्षण प्रतिभा को शनिवार की शाम स्थानीय जाल सभा गृह में आयोजित एक कार्यक्रम में अनेक लोगों ने ऐसी ही जानकारियों और सवालों का जवाब देते साक्षात देखा। यह कार्यक्रम स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. और संस्था सेवा सुरभि ने आयोजित किया था।
देश का नाम रोशन करने आया आरंभ: कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संस्कृति मंत्रालय के सदस्य डॉ. भरत शर्मा मौजूद थे। उन्होंने अपने आर्शीवचन में कहा, आरंभ जैन मात्र यह प्रतिभा दिखाने के लिए नहीं बल्कि देश का नाम रोशन करने के लिए पृथ्वी पर आया है। उन्होंने आरंभ के परिजनों को सलाह दी कि आरंभ का आईक्यू टेस्ट करवाकर उज्ज्वल भविष्य के लिए इसे नासा, इसरो या केट के सुपुर्द करना चाहिए।
पूत के पाँव पालने में नज़र आते हैं: कार्यक्रम के अध्यक्षता समाजसेवी अजीत ललवानी ने की। उन्होंने कहा, मास्टर आरंभ ने पूत के पांव पालने में नज़र आने वाली कहावत को चरितार्थ किया है। आने वाले समय में यह नन्हा बालक शहर का नाम दुनिया में रोशन करेगा। आरंभ के पिता विकास जैन और माता पूर्वी जैन ने गर्भ धारण से लेकर आजतक आरंभ में आ रहे बदलावों के बाद विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मात्र तीन वर्ष की आयु में आरंभ ने टी.वी. के कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न देशों के झंडे को पहचानना शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि मात्र दो वर्ष की उम्र से टी.वी. पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देखकर खुश होने वाला आरंभ आज मोदी जी-मोदी जी कहकर आवाज लगाता है।
स्वागत-सत्कार,संचालन,आभार: प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत संस्था सेवा सुरभि के कमल ललवानी, राजेन्द्र चौरड़िया, स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के महासचिव रवि चावला,समन्वयक आकाश चौकसे, कोषाध्यक्ष सोनाली यादव एवं सुनील जैन ने किया। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल ने किया। प्रवीण धनोतिया ने आभार माना।

