इंदौर स्टूडियो, कला प्रतिनिधि। संदीप राशिनकर की कला अब पीएचडी का विषय बन गई है। रेखांकनों में वे अपने नवाचार के लिये जाने जाते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की ललित कला संकाय की शोधार्धी भाग्यश्री कुलकर्णी चित्रकार संदीप के कला अवदान पर पीएचडी कर रही हैं। इस जानकारी की चित्रकार संदीप राशिनकर ने पुष्टि की है। बता दें कि संदीप राशिनकर रेखांकनों में विविध प्रयोगों के साथ ही म्यूरल्स जैसे कला क्षेत्रों में भी अपने विशिष्ट काम की छाप छोड़ चुके हैं। देश भर के पत्र-पत्रिकाओं में उनके रेखांकन प्रकाशित होते रहे हैं। संदीप राशिनकर के अनुसार, भाग्यश्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्द्यालय की विभागाध्यक्ष डॉ. कुमकुम भारद्वाज के निर्देशन में उनके कला अवदान पर शोध का काम कर रही हैं।

