इंदौर स्टुडियो। फिल्म निर्माता शिलादित्य बोरा ने अपनी पहली फिल्म ‘भगवान भरोसे’ की शूटिंग पूरी कर ली है। फ़िल्म अब पोस्ट प्रॉडक्शन के अंतिम दौर में हैं। फिल्म की शूटिंग झारखंड के देवगढ़ में पूरी हुई है। बोरा ने कहा, ‘अपनी पहली फ़िल्म की शूटिंग को पूरी कर मैं बहुत ख़ुश हूं, 20 साल के लंबे इंतज़ार के बाद मैं अपना सपना पूरा कर सका हूं। इसमें मेरे कलाकारों और मेहनती प्रॉडक्शन टीम का सहयोग शामिल है’।
फिल्म में सतेंद्र सोनी और स्पर्श सुमन के साथ ही विनय पाठक और मासूमेह माखीजा (मकबूल, 3 मंजिलें) भी प्रमुख भूमिकाओं में है। इसके अलावा मनु ऋषि चड्ढा, श्रीकांत वर्मा (दम लगा के हईशा), सावन टैंक (सुई धागा), और कृष्ण सिंह बिष्ट (सुलेमानी कीड़ा, न्यूटन) भी फिल्म में काम कर रहे हैं। प्लाटून वन फिल्म्स, लाइट हाउस इनोवेंचर्स और श्री सत्य साई आर्ट्स के साथ श्रीलंकाई ऑटोरियर फिल्म निर्माता प्रसन्ना विथानगे फ़िल्म के सह निर्माता हैं। पटकथा सुधाकर नीलमणि और मोहित चौहान की है। विनय पाठक कहते हैं, “भगवान भरोसे एक प्यारी और विशेष कहानी है। मैं शिलादित्य के पहले निर्देशन का हिस्सा बनने के लिए भाग्यशाली रहा हूं। यह उनकी लंबी शानदार सिनेमा यात्रा की शुरुआत हो सकती है।”मासूमेह मखीजा कहते हैं, “भगवान भरोसे एक ऐसी फिल्म है जो बहुत ही कठिन विषयों की खोज करती है और समकालीन भारत में इसकी अत्यधिक प्रासंगिकता है। यह एक सच्ची जुनून के साथ बनाया गया प्रोजेक्ट है और यह जुनून फिल्म के हर पहलू में दिखाई देता है।” शिलादित्य कहते हैं, “कई बार मैं अपनी पहली फीचर फिल्म निर्देशित करने के करीब आया लेकिन नाकाम रहा। मगर अब करीब 20 वर्षों के इंतजार के बाद, मैं अपनी पहली फिल्म ‘भगवान भरोसे’ की शूटिंग करने में कामयाब हो गया हूं। इसमें शक नहीं कि यह ऊपरवाले की मेहरबानी से संभव हो सका है। मैं बेहतरीन कलाकारों और क्रू मेंबर्स के सहयोग से अपने बरसों पुराने सपने को साकार कर पाने की स्थिति में पहुंचा हूं। अगले साल हम यह फ़िल्म दर्शकों के लिये रिलीज़ कर सकेंगे,ऐसी उम्मीद है।“

