उज्जैन, इंदौर स्टूडियो डॉट कॉम। एक ही समय और एक-से कैनवास और रंगों की समानता के बाद भी अलग-अलग कलाकारों की कूंचियां किस तरह अपनी कृतियों में विविधता के रंग बिखेरती हैं। यह देखना है तो उज्जैन की क्लब फनकार गैलरी में आयोजित देशभर के सोलह कलाकारों की चित्र प्रदर्शनी देखी जा सकती है।

इन चित्रों को निहारते हुए दर्शक इनमें खो जाते हैं। इनमें विषय और माध्यम की विविधता होते हुए भी कला सौन्दर्य की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण बन पड़े हैं। हर कलाकार की अंतर्दृष्टि और उसके अनुभव जैसे चित्रों में खुद बोलते हैं।
अभिरुचि ललित कला अकादमी एवं शोध संस्थान ने बीते महीने कला शिविर ‘कला-तत्त्वं’ में देश भर से आये चित्रकारों ने वहीं रहते हुए चित्र बनाए थे, इन्हीं चित्रों को अब देशभर में प्रदर्शित किया जा रहा है। उज्जैन से इसकी शुरुआत हुई है। कला प्रदर्शनी में जयपुर, जलगांव, नईदिल्ली, जबलपुर, देवास, उज्जैन तथा इंदौर के जाने-माने चित्रकारों के कला कार्य प्रदर्शित हैं। प्रदर्शनी के शुभारम्भ अवसर पर वरिष्ठ चित्रकार रमेश आनंद, अक्षय आमेरिया, अमित पिठवे, अनिरुद्ध गुप्ता, मुकेश बिजोले, आरपी शर्मा, दीपक शर्मा, राधाकिशन वाडिया, जयप्रकाश चौहान, चंद्रशेखर काले, सुमन डोंगरे, अभिषेक तोमर तथा वसु गुप्ता सहित कई कलाप्रेमी उपस्थित थे।

